स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के इस दौर में क्या आपको भी 90 के दशक की वह सादगी याद आती है, जब प्यार का इजहार 'टेक्स्ट मैसेज' से नहीं बल्कि चिट्ठियों और चोरी-छिपे मुस्कुराहटों से होता था? अगर हां, तो आज का दिन आपके लिए बेहद खास होने वाला है. ओटीटी प्लेटफॉर्म SonyLIV पर एक ऐसी नई तमिल रोमांटिक वेब सीरीज दस्तक दे रही है, जो आपको सीधे स्कूल के उन सुनहरे दिनों में वापस ले जाएगी. इसका नाम है नोटबुक 90s - कढल फ्लैशबैक, जो पहले प्यार की मासूमियत और दोस्ती की गर्माहट को पर्दे पर ताजा करने के लिए तैयार है.
सीरीज की कहानी 90 के दशक के तमिलनाडु के तिरुचि शहर में सेट है, जो गौतम और गायत्री के इर्द-गिर्द घूमती है. स्कूल के दिनों में एक छोटी-सी शरारत से शुरू हुई दोनों की जान-पहचान कब गहरी दोस्ती और फिर पहले प्यार में बदल जाती है, उन्हें खुद भी पता नहीं चलता.
पहली बार किसी के लिए दिल का धड़कना, प्यार का इजहार करने में होने वाली झिझक और फिर रिश्तों में आने वाले उतार-चढ़ाव इस कहानी की जान हैं. यह सिर्फ एक लव स्टोरी नहीं है, बल्कि बचपन से जवानी तक के उस सफर की दास्तान है, जिसकी यादें उम्र बढ़ने के बाद भी दिल के किसी कोने में हमेशा जिंदा रहती हैं.
मिथरन आर. जवाहर का मानना है कि 90 का दशक दोस्ती, परिवार और रिश्तों की गर्माहट के लिए सबसे खास दौर था. इसी एहसास को 'Notebook 90s – Kadhal Flashback' के जरिए दोबारा जीवंत करने की कोशिश की गई है. अब देखना यह होगा कि गौतम और गायत्री की यह खट्टी-मीठी प्रेम कहानी ओटीटी दर्शकों के दिलों में कितनी खास जगह बना पाती है.