फिल्म 'धुरंधर' ने दुनियाभर में 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर तहलका मचा दिया है. इस कामयाबी के बाद डायरेक्टर आदित्य धर की भी खूब चर्चा हो रही है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस शोहरत के पीछे उनकी 20 साल की मेहनत है? दिलचस्प बात यह है कि आदित्य अपनी सफलता का श्रेय पत्नी यामी गौतम को भी देते हैं. हाल ही में उन्होंने बताया कि यामी के उनकी जिंदगी में आने के बाद उनकी किस्मत बदल गई.
आदित्य ने अपनी सफलता में पत्नी यामी की अहमियत बताते हुए कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उनकी शादी ऐसे इंसान से हुई, जो उनके लिए बेहद खास हैं. उनके मुताबिक, जिस दिन यामी उनकी जिंदगी में आईं, उसी दिन से उनकी किस्मत बदल गई. वह यामी को अपना लकी चार्म मानते हैं.
वहीं, यामी गौतम ने भी पति की मेहनत के कई किस्से सुनाए. उन्होंने बताया कि आदित्य कई बार बिना सोए करीब 70 घंटे तक फिल्म के सेट पर काम करते थे. यामी के मुताबिक, आदित्य में ईमानदारी, जुनून और मेहनत का शानदार मेल है. इंडस्ट्री में कई मुश्किल अनुभवों के बावजूद उन्होंने अपनी अच्छाई और विनम्रता नहीं छोड़ी.