टीवी के चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में इन दिनों भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे अपने शानदार गेम और बेबाक अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं। शो के घर में आम्रपाली जिस आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रख रही हैं और हर परिस्थिति का सामना कर रही हैं, उसकी खूब तारीफ हो रही है। अब उनकी इस परफॉर्मेंस से भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और उनके करीबी दोस्त दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ भी काफी प्रभावित नजर आ रहे हैं। निरहुआ ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर आम्रपाली के खेल की जमकर तारीफ की है। इतना ही नहीं, उन्होंने अभिनेत्री की जीत को लेकर भी अपना भरोसा जाहिर किया है। निरहुआ का मानना है कि आम्रपाली जिस तरह से बिग बॉस के घर में खेल रही हैं, उसे देखते हुए वह इस सीजन की ट्रॉफी अपने नाम कर सकती हैं।
दरअसल, निरहुआ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह आम्रपाली के खेल की तारीफ करते दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि बिग बॉस के घर में आम्रपाली बेहद शानदार तरीके से अपना गेम खेल रही हैं। उनका बेबाक अंदाज, बुद्धिमत्ता, सूझ-बूझ और सही समय पर अपना पक्ष रखने की क्षमता लोगों को काफी पसंद आ रही है। निरहुआ ने यह भी कहा कि आम्रपाली की समझदारी और खेलने का तरीका दर्शकों को उनका दीवाना बना रहा है। उन्होंने अभिनेत्री के आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह वह हर परिस्थिति में खुद को संभाल रही हैं, वह काबिलेतारीफ है। निरहुआ ने अपने प्रशंसकों और भोजपुरी दर्शकों से आम्रपाली को ज्यादा से ज्यादा वोट देने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सभी लोग उनका समर्थन करें, ताकि वह बिग बॉस की ट्रॉफी जीतकर वापस लौटें। निरहुआ को पूरा भरोसा है कि इस बार ट्रॉफी भोजपुरी इंडस्ट्री में ही आएगी
वहीं, बिग बॉस के घर में आम्रपाली अपनी दोस्ती और निजी जिंदगी से जुड़े किस्से साझा करने को लेकर भी सुर्खियों में हैं। उन्होंने शो के दौरान निरहुआ के साथ अपनी पुरानी दोस्ती के बारे में कई दिलचस्प बातें बताई हैं। उनके मुताबिक दोनों के बीच इतनी अच्छी समझ है कि कई बार बिना कुछ कहे ही एक-दूसरे की बात समझ जाते हैं। यही वजह है कि दर्शकों को उनकी दोस्ती काफी पसंद आती है। अब निरहुआ के खुलकर समर्थन करने के बाद आम्रपाली के प्रशंसकों का उत्साह और बढ़ गया है।
फिलहाल, बिग बॉस 20 में आम्रपाली दुबे का सफर काफी दिलचस्प होता जा रहा है। एक तरफ घर के अंदर वह अपने खेल से लोगों का ध्यान खींच रही हैं, तो दूसरी तरफ बाहर भोजपुरी इंडस्ट्री के सितारे उनके समर्थन में उतर रहे हैं। हालांकि, बिग बॉस की ट्रॉफी किसके हाथ लगेगी, इसका फैसला दर्शकों के वोट और प्रतियोगियों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। ऐसे में अब सभी की नजरें आम्रपाली की आगे की जर्नी पर टिकी हैं। क्या वह निरहुआ के भरोसे को सही साबित कर पाएंगी और बिग बॉस 20 की विजेता बनेंगी? यह देखना बेहद दिलचस्प होगा।