रायगढ़, 05 सितंबर रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले 41वें चक्रधर समारोह-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और आयोजन व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। समारोह में बड़ी संख्या में दर्शकों, कलाकारों, विशिष्ट अतिथियों और आम लोगों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने 20 कार्यपालिक दंडाधिकारियों की तैनाती की है। अधिकारियों को पांच टीमों में बांटकर अलग-अलग दिनों में आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंच, वीआईपी दीर्घा और बैकस्टेज पर रहेगी निगरानी
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मयंक चतुर्वेदी द्वारा जारी आदेश के अनुसार 14 से 23 सितंबर तक चलने वाले समारोह के दौरान अधिकारियों की ड्यूटी दो-दिवसीय रोटेशन के आधार पर लगाई गई है। प्रत्येक टीम मुख्य मंच, मुख्य पंडाल, वीआईपी दीर्घा, बैकस्टेज, कलाकार क्षेत्र, प्रवेश द्वार और पार्किंग व्यवस्था की निगरानी करेगी।
14-15 सितंबर को टीम-ए संभालेगी जिम्मेदारी
समारोह के उद्घाटन चरण में 14 और 15 सितंबर को टीम-ए की तैनाती रहेगी। मुख्य मंच की जिम्मेदारी एसडीएम लैलूंगा राकेश वर्मा को दी गई है। तहसीलदार धरमजयगढ़ हितेश साहू वीआईपी दीर्घा एवं मुख्य पंडाल की व्यवस्था देखेंगे। बैकस्टेज की जिम्मेदारी तहसीलदार कापू उन्मेष पटेल तथा गेट एवं पार्किंग व्यवस्था नायब तहसीलदार घरघोड़ा हिमांशु सिंह संभालेंगे।
16-17 सितंबर को टीम-बी की ड्यूटी
16 और 17 सितंबर को टीम-बी आयोजन की व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी। मुख्य मंच की जिम्मेदारी एसडीएम खरसिया प्रवीण भगत के पास रहेगी। मुख्य पंडाल और वीआईपी दीर्घा की व्यवस्था तहसीलदार लैलूंगा संदीप सिंह राजपूत, बैकस्टेज की जिम्मेदारी तहसीलदार मुकडेगा वर्षा तिवारी तथा गेट-पार्किंग की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार खरसिया ममता खैरवार को सौंपी गई है।
18 से 21 सितंबर तक दो टीमों की तैनाती
18 और 19 सितंबर को टीम-सी व्यवस्था संभालेगी। इसमें मुख्य मंच पर एसडीएम घरघोड़ा प्रवीण तिवारी, मुख्य पंडाल एवं वीआईपी दीर्घा में तहसीलदार पुसौर अनुराधा पटेल, बैकस्टेज में नायब तहसीलदार पुसौर प्रतीक देवांगन और गेट-पार्किंग में नायब तहसीलदार पुसौर रश्मि पटेल की ड्यूटी रहेगी।
वहीं 20 और 21 सितंबर को टीम-डी तैनात रहेगी। मुख्य मंच की जिम्मेदारी एसडीएम धरमजयगढ़ भरत कौशिक, मुख्य पंडाल एवं वीआईपी दीर्घा की जिम्मेदारी तहसीलदार तमनार शिवम पांडेय, बैकस्टेज की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार तमनार पंकज मिश्रा और गेट-पार्किंग की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार घरघोड़ा सहोदर पैंकरा संभालेंगे।
अंतिम दो दिनों के लिए विशेष प्रशासनिक व्यवस्था
समारोह के अंतिम दो दिन 22 और 23 सितंबर को टीम-ई विशेष रूप से समापन समारोह की व्यवस्था संभालेगी। मुख्य मंच पर डिप्टी कलेक्टर शिल्पा भगत, मुख्य पंडाल एवं वीआईपी दीर्घा में प्रभारी तहसीलदार खरसिया उज्जवल पांडेय, बैकस्टेज में नायब तहसीलदार खरसिया मोनल साय तथा गेट एवं पार्किंग की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार खरसिया काजल अग्रवाल को दी गई है।
शाम 5 बजे तक ड्यूटी स्थल पर पहुंचना अनिवार्य
प्रशासन ने सभी तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे प्रतिदिन शाम 5 बजे अथवा कार्यक्रम शुरू होने से दो घंटे पहले अपने निर्धारित सेक्टर में पहुंच जाएं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भीड़ पूरी तरह समाप्त होने तक अधिकारियों को अपने ड्यूटी स्थल पर मौजूद रहना होगा।
पुलिस के साथ समन्वय, आपात स्थिति में तत्काल निर्णय
ड्यूटी पर तैनात कार्यपालिक दंडाधिकारियों को पुलिस अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने, आयोजन स्थल की निगरानी और पेट्रोलिंग करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का फोकस भीड़ नियंत्रण, वीआईपी सुरक्षा, प्रवेश-निकास और पार्किंग व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर रहेगा।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समारोह की ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। ड्यूटी अवधि के दौरान अधिकारियों के अवकाश पर भी रोक रहेगी। अपरिहार्य परिस्थिति में अवकाश अथवा वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जिला दंडाधिकारी की पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।