विदेश यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब दूसरे देशों में इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए महंगे इंटरनेशनल रोमिंग पैक खरीदने या एयरपोर्ट पर स्थानीय सिम कार्ड ढूंढने की परेशानी कम हो सकती है। दरअसल, लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने Travel eSIM नाम का नया फीचर पेश करने की घोषणा की है। इसकी मदद से यूजर्स विदेश यात्रा के दौरान सीधे WhatsApp के जरिए डेटा eSIM खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे। यानी इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए किसी अलग ऐप या टेलीकॉम स्टोर पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कंपनी के मुताबिक, इस सुविधा का उद्देश्य यात्रियों को विदेश पहुंचते ही इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराना और महंगे रोमिंग चार्ज से बचने का विकल्प देना है। WhatsApp ने 26 नवंबर 2026 को अपने आधिकारिक ब्लॉग के जरिए इस नई सुविधा की जानकारी दी है
इस फीचर की सबसे खास बात यह है कि यूजर्स विदेश में भी अपने पुराने WhatsApp नंबर से ही चैटिंग और मैसेजिंग जारी रख सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपना WhatsApp अकाउंट बदलने या नया नंबर रजिस्टर करने की जरूरत नहीं होगी। कंपनी इस सुविधा को उपलब्ध कराने के लिए कई eSIM प्रोवाइडर्स और टेलीकॉम कंपनियों के साथ साझेदारी कर रही है। इनमें भारत की दिग्गज टेलीकॉम कंपनी Reliance Jio के साथ Smart Axiata, Smart Communications और Verizon जैसे नाम शामिल हैं। इससे अलग-अलग देशों में यात्रियों को इंटरनेट डेटा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी
WhatsApp का यह कदम उन लोगों के लिए खासतौर पर उपयोगी साबित हो सकता है, जो अक्सर काम, पढ़ाई या घूमने के लिए विदेश जाते हैं। विदेश पहुंचने के बाद परिवार के सदस्यों को अपनी जानकारी देना, एयरपोर्ट से होटल तक पहुंचने के लिए कैब बुक करना और जरूरी मैसेज भेजना आसान हो सकता है। इसके अलावा बिजनेस ट्रैवल करने वाले लोगों को भी लगातार ऑनलाइन रहने में मदद मिल सकती है। कंपनी का कहना है कि इस फीचर को शुरुआत में चुनिंदा देशों में रोलआउट किया जाएगा और उपलब्ध होने पर यूजर्स को इसका विकल्प सीधे ऐप में दिखाई देगा। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि भारत में यह सुविधा किस तारीख से उपलब्ध होगी। कंपनी ने लॉन्च होने वाले देशों और अलग-अलग डेटा प्लान की कीमतों का भी खुलासा नहीं किया है।