GST रजिस्ट्रेशन बंद कराने के लिए अब कारोबारियों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने और अधिकारी के अप्रूवल का इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. सरकार ने GST रजिस्ट्रेशन कैंसिल कराने की प्रक्रिया को आसान बनाने का फैसला किया है. नए नियम लागू होने के बाद कारोबारी घर बैठे ऑनलाइन अपना GST नंबर बंद करा सकेंगे. हालांकि, इसके लिए एक शर्त भी रखी गई है. जिन कारोबारियों ने अपने सभी जरूरी GST रिटर्न जमा कर दिए हैं और टैक्स समेत कोई बकाया नहीं छोड़ा है, उनका रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर अपने आप कैंसिल हो जाएगा. ये नए नियम 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगे.
वित्त मंत्रालय ने CGST Rules, 2017 में बदलाव करते हुए Central Goods and Services Tax (Second Amendment) Rules, 2026 को नोटिफाई किया है. इसके तहत नियम 20 के सब-रूल (5) और (6) को बदला गया है. नए नियम 20(5) के मुताबिक, अगर कोई कारोबारी अपना GST रजिस्ट्रेशन बंद कराने के लिए आवेदन करता है, आखिरी टैक्स अवधि का रिटर्न जमा कर चुका है और सभी टैक्स व दूसरी देनदारियां चुका चुका है, तो GST पोर्टल पर उसका रजिस्ट्रेशन इलेक्ट्रॉनिक तरीके से कैंसिल कर दिया जाएगा. खास बात यह है कि रजिस्ट्रेशन उसी तारीख से बंद माना जाएगा, जिस तारीख की मांग कारोबारी ने अपने आवेदन में की है. इसकी जानकारी भी ऑनलाइन FORM GST REG-38 के जरिए दी जाएगी.
इससे पहले 1 नवंबर 2026 से ऑटोमैटिक GST कैंसिलेशन की सुविधा सिर्फ कुछ खास कारोबारियों को मिल रही थी. इसमें वे कारोबारी शामिल थे, जिनकी किसी महीने B2B सप्लाई पर आउटपुट टैक्स देनदारी 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं थी. इसके अलावा GSTR-10 रिटर्न तय समय के तीन दिन के अंदर जमा करने की शर्त भी थी. अब ये दोनों शर्तें हटा दी गई हैं. यानी कोई भी कारोबारी सभी रिटर्न और बकाया चुकाने के बाद ऑटोमैटिक कैंसिलेशन का फायदा ले सकता है.