इमरजेंसी में अपने ही प्रोविडेंट फंड (PF) का पैसा निकालने के लिए अब आपको दफ्तरों के चक्कर काटने या हफ्तों इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. बहुत जल्द आप बिल्कुल बैंक अकाउंट की तरह UPI और ATM के जरिए अपना PF का पैसा निकाल सकेंगे. फाइनेंशियल एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) इस सुविधा को दिसंबर तक शुरू कर सकता है.
इस नई तकनीक का ट्रायल लगभग पूरा हो चुका है. यह बड़ा बदलाव 'EPFO 3.0' प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसे अगले साल फरवरी तक पूरी तरह लागू करने की तैयारी है. आइए समझते हैं कि इससे आपकी जेब और समय को क्या-क्या फायदे होने वाले हैं.
फिलहाल PF क्लेम सेटल होने में 20 दिन तक का समय लग जाता है, जिससे जरूरत के समय लोगों को काफी परेशानी होती है. लेकिन नए सिस्टम में रिस्क-मैनेजमेंट चेक और वेरिफिकेशन पूरा होते ही क्लेम अपने आप (ऑटोमैटिक) प्रोसेस हो जाएगा, जिसमें किसी अधिकारी के दखल की जरूरत नहीं होगी और सेटलमेंट का समय घटकर 3 दिन से भी कम रह जाएगा.
पहले जहां आपको ऑनलाइन क्लेम और बैंक ट्रांसफर के जरिए पैसा मिलता था, वहीं EPFO 3.0 आने के बाद आप सीधे UPI और ATM से इंस्टेंट निकासी कर सकेंगे. इसके अलावा कामकाज का तरीका भी पूरी तरह बदल जाएगा. पुराने सिस्टम में कागजी कार्रवाई और क्षेत्रीय डेटाबेस का झंझट रहता था, जबकि नए सिस्टम में कोर बैंकिंग सॉल्यूशन (CBS) और एक ही प्लेटफॉर्म के जरिए काम आसान हो जाएगा.
EPFO अपने पूरे सिस्टम को अपग्रेड कर रहा है. इसमें नया IT इंफ्रास्ट्रक्चर और कोर बैंकिंग सॉल्यूशन (CBS) जोड़ा जा रहा है. इसके लागू होने के बाद 36 करोड़ से ज्यादा एक्टिव मेंबर्स एक ही प्लेटफॉर्म से अपनी सारी सेवाएं मैनेज कर पाएंगे और कागजी कार्रवाई काफी कम हो जाएगी. इस सिस्टम को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि यह अगले 50 सालों तक करीब 200 करोड़ लोगों का डेटा संभाल सके.
EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने अक्टूबर 2025 में ही इस ढांचे को मंजूरी दे दी थी. टेक्नोलॉजी पार्टनर फाइनल हो चुका है और फरवरी में होने वाली बोर्ड की अगली बैठक में इसके रोलआउट का आधिकारिक ऐलान हो सकता है. इससे पहले EPFO 2.0 के तहत भी पोर्टल को नया रूप दिया गया था और क्षेत्रीय डेटाबेस को एक जगह जोड़ा गया था