कर्नाटक सरकार के निर्देश के बाद Karnataka Co-operative Milk Producers' Federation (KMF) ने नंदिनी दही की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की कटौती कर दी है. नई कीमतें 29 नवंबर 2026, रविवार से लागू होंगी. यानी अब दही खरीदने के लिए ग्राहकों को पहले के मुकाबले कम पैसे खर्च करने होंगे.
खास बात यह है कि कुछ दिन पहले ही दूध और दही की कीमतों में बदलाव को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई थी. इसके बाद राज्य सरकार ने ग्राहकों को राहत देने के लिए KMF को दही के दाम कम करने का निर्देश दिया.
इन नई कीमतों का फायदा 29 नवंबर से मिलेगा। अगर कोई ग्राहक रोज 1 किलो वाला पैकेट खरीदता है, तो उसे हर पैकेट पर 2 रुपये की बचत होगी. वहीं, 500 ग्राम वाला पैकेट खरीदने वालों को 1 रुपये कम देने होंगे.
इस फैसले के पीछे हाल ही में हुई कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर लोगों की नाराजगी है. दरअसल, 1 नवंबर 2026 से नंदिनी दूध और दही की कीमतों में बदलाव किया गया था. यह फैसला दूध उत्पादकों की ओर से कीमतों में बदलाव की मांग के बाद लिया गया था.
लेकिन कीमतें बढ़ने के बाद ग्राहकों की तरफ से विरोध और आलोचना सामने आई. इसके बाद कर्नाटक सरकार ने मामले में दखल दिया और KMF से दही के दाम कम करने को कहा. अब फेडरेशन ने सरकार के निर्देश पर नई कीमतें जारी कर दी हैं.