गौरैया जितना छोटा एक नर रूफस हमिंगबर्ड महज 38 दिनों में 6,526 किलोमीटर उड़कर अलबामा से अलास्का पहुंच गया. यह दूरी 4,055 मील के बराबर है. हैरानी की बात यह है कि इतना छोटा पक्षी इतनी लंबी दूरी तय करने में सिर्फ 38 दिन लगाता है. वैज्ञानिकों ने एक छोटे ट्रैकर की मदद से इसकी पूरी यात्रा पर नजर रखी. इसे हमिंगबर्ड के अब तक के सबसे लंबे दर्ज सफर का रिकॉर्ड माना जा रहा है.
हमिंगबर्ड पर नजर रखना वैज्ञानिकों के लिए आसान नहीं है. इसकी वजह है इसका बेहद छोटा आकार और कम वजन. ज्यादातर हमिंगबर्ड का वजन 5 ग्राम से भी कम होता है. ऐसे में दूसरे प्रवासी पक्षियों पर लगाए जाने वाले ट्रैकिंग डिवाइस इनके लिए काफी भारी पड़ते हैं.
मेम्फिस यूनिवर्सिटी की एनिमल फिजियोलॉजिस्ट एम्मा रोड्स ने अपनी टीम के साथ मिलकर हमिंगबर्ड के लिए एक बेहद छोटा ट्रैकिंग डिवाइस बनाया. इसका वजन सिर्फ 0.06 ग्राम है. यानी यह चावल के एक दाने जितना हल्का है. इस डिवाइस से पक्षी की उड़ान पर नजर रखी जा सकती है, बिना उस पर ज्यादा बोझ डाले.
हमिंगबर्ड पर किए गए इस स्टडी का रिजल्ट वैज्ञानिक जर्नल Ecology and Evolution में प्रकाशित किया गया है. इसमें वैज्ञानिकों ने पक्षी की पूरी यात्रा का ब्योरा दिया है. साथ ही अलबामा से अलास्का तक तय किए गए उसके 6,526 किलोमीटर लंबे सफर को अब तक का सबसे लंबा दर्ज माइग्रेशन बताया गया है.