भारत अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने में जुटा है. इसके लिए देश में नई फैक्ट्रियां लगाई जा रही हैं. सामान बनाने वाली कंपनियों को बढ़ावा दिया जा रहा है. सरकार चाहती है कि भारत में ज्यादा से ज्यादा सामान बने और दूसरे देशों पर निर्भरता कम हो. इसके साथ ही भारत दुनिया के बड़े मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में अपनी पहचान बनाना चाहता है. इसी मकसद से मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) जैसी योजनाएं शुरू की गई हैं. हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन भारत की इन नीतियों को अलग नजरिये से देखता है.
अमेरिका का कहना है कि भारत आत्मनिर्भर बनने के लिए जरूरत से ज्यादा फैक्ट्रियां लगा रहा है और सामान बना रहा है. जबकि देश में उस सामान की खपत उतनी नहीं है. ऐसे में भारतीय कंपनियां अपना सामान दूसरे देशों में बेचने के लिए मजबूर होती हैं. इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी कंपनियों को भारतीय कंपनियों से मुकाबला करना पड़ता है. अमेरिका को लगता है कि भारत की ये नीतियां उसके कारोबार और कंपनियों के लिए नुकसानदेह हैं.
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन भारत की मैन्युफैक्चरिंग नीतियों को अमेरिकी कंपनियों के लिए नुकसानदेह मान रहा है. अमेरिका का आरोप है कि भारत जरूरत से ज्यादा सामान बना रहा है. इससे भारतीय कंपनियां दूसरे देशों में अपना सामान बेच रही हैं और अमेरिकी कंपनियों को कड़ी टक्कर मिल रही है. इसी आधार पर अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (Office of the United States Trade Representative) ने 1974 के ट्रेड एक्ट की धारा 301 के तहत भारत की नीतियों को गलत ठहराया है.
अमेरिका ने भारतीय सामानों पर 25% तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है. हालांकि, दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता होने पर इसे घटाकर 17% किया जा सकता है.