अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक संबंधों को लेकर एक बार फिर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की धमकी के बाद भारत ने भी अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। टैरिफ को लेकर दोनों देशों के बीच बढ़ती बयानबाजी ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार जगत में नई चर्चा छेड़ दी है। ट्रंप प्रशासन की इस चेतावनी को भारत के निर्यात और द्विपक्षीय व्यापार पर दबाव बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, भारत ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह अपने आर्थिक हितों, घरेलू उद्योगों और व्यापारिक संप्रभुता से समझौता नहीं करेगा। भारत का मानना है कि किसी भी व्यापारिक विवाद का समाधान बातचीत और आपसी सहमति के आधार पर होना चाहिए, न कि एकतरफा दबाव बनाकर।
भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने अमेरिकी आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भारत के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। मंत्रालय के मुताबिक, भारत ने अमेरिकी जांच के दौरान भी अपनी स्थिति स्पष्ट की थी और इस प्रक्रिया में रचनात्मक तरीके से भाग लिया है। भारत ने अमेरिकी प्रशासन की ओर से जारी नोटिस को फिलहाल जांच के दायरे में रखा है। सरकार ने यह भी कहा है कि दोनों देशों के बीच व्यापार से जुड़े सभी मुद्दों को भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) की चल रही बातचीत के जरिए सुलझाया जाना चाहिए। भारत ने साफ किया है कि वह अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है
दरअसल, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने अपनी जांच के बाद भारत समेत 14 अर्थव्यवस्थाओं पर नए टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। यह जांच अमेरिकी व्यापार कानून की धारा 301 के तहत की गई थी। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि भारत की औद्योगिक नीतियां, बाजार तक पहुंच से जुड़ी पाबंदियां, श्रम संरक्षण और वित्तीय व्यवस्थाएं अमेरिकी कंपनियों के लिए प्रतिस्पर्धा को मुश्किल बनाती हैं। अमेरिका का दावा है कि भारत में कुछ क्षेत्रों में जरूरत से ज्यादा उत्पादन होने के कारण वैश्विक बाजार में असंतुलन पैदा हो रहा है। हालांकि, भारत ने इन आरोपों को स्वीकार नहीं किया है