कोलंबिया के मशहूर पर्यटन शहर में दहशत, हथियारबंद बदमाशों ने लोगों को बनाया बंधक

Posted on: 2026-11-25


दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया के मशहूर पर्यटन शहर कार्टाजेना में हथियारबंद बदमाशों की एक वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। मंगलवार, 24 नवंबर को नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने शहर के एक बड़े सुपरमार्केट में घुसकर करीब 30 लोगों को बंधक बना लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस तथा सुरक्षा बलों ने सुपरमार्केट को चारों तरफ से घेर लिया। बंधकों में सुपरमार्केट के कर्मचारी और खरीदारी करने पहुंचे लोग भी शामिल थे। बदमाशों के पास राइफल जैसे घातक हथियार होने की जानकारी सामने आई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के स्नाइपर आसपास की इमारतों की छतों पर तैनात किए गए। सेना, नौसेना और विशेष सुरक्षा बलों को भी मौके पर बुलाया गया। कोलंबिया के राष्ट्रपति अबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सुरक्षा एजेंसियों की सभी उपलब्ध क्षमताओं को बंधकों की सुरक्षित रिहाई के लिए लगाया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने एक बख्तरबंद कैश वाहन को लूटने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी योजना नाकाम हो गई। इसके बाद पुलिस से बचने के लिए वे पास के सुपरमार्केट में घुस गए और वहां मौजूद लोगों को बंधक बना लिया

दरअसल, यह पूरी घटना कार्टाजेना के ला कास्टेलाना इलाके में स्थित एक्सिटो सुपरमार्केट में हुई। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले एक शॉपिंग सेंटर से नकदी लेकर जा रहे बख्तरबंद वाहन को निशाना बनाने की कोशिश की थी। सुरक्षा व्यवस्था के कारण वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। इसी दौरान पुलिस को उनकी गतिविधियों की सूचना मिल गई और सुरक्षाकर्मियों ने इलाके में कार्रवाई शुरू कर दी। खुद को घिरता देखकर हथियारबंद बदमाश सुपरमार्केट में घुस गए। वहां मौजूद लोगों को उन्होंने बंदूक की नोक पर अपने कब्जे में ले लिया। देखते ही देखते यह मामला एक बड़ी बंधक संकट की स्थिति में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुपरमार्केट के बाहर भारी संख्या में पुलिसकर्मी और सैन्य जवान तैनात हो गए थे। आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई

कोलंबिया के राष्ट्रपति के मुताबिक, बदमाशों ने शुरुआत में करीब 30 लोगों को बंधक बनाया था। बाद में पांच बुजुर्ग महिलाओं सहित कुछ लोगों को छोड़ दिया गया। 24 नवंबर की देर रात तक करीब 20 से 25 लोगों के बंधक बने रहने की खबर सामने आई। हालांकि, अलग-अलग मीडिया रिपोर्टों में बंधकों की संख्या में अंतर बताया गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सुपरमार्केट के अंदर कुछ लोग घुटनों के बल बैठे दिखाई दिए। उनके हाथ बंधे होने की भी आशंका जताई गई, हालांकि इन तस्वीरों और वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी। स्थानीय मीडिया ने यह भी दावा किया कि बदमाशों ने करीब 20 लाख डॉलर की रकम, दो बख्तरबंद वाहन और सुरक्षित रास्ता देने की मांग रखी थी। हालांकि, समाचार एजेंसी एएफपी इस मांग की स्वतंत्र पुष्टि नहीं कर सकी