अमेरिका में थैंक्सगिविंग पर टर्की पक्षी को क्यों मिलती है राष्ट्रपति से माफी जानिए 160 साल पुरानी परंपरा की कहानी

Posted on: 2026-11-25


राष्ट्रपति व्हाइट हाउस में आयोजित एक खास समारोह में टर्की को औपचारिक रूप से माफ करते हैं. इसके बाद उसे खाने के बजाय किसी सुरक्षित स्थान पर भेज दिया जाता है, जहां वह अपनी बाकी जिंदगी गुजारता है

इस साल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 'फ्रीडम' और 'फेदर्स' नाम के दो टर्की को जीवनदान देंगे. दोनों पक्षियों को थैंक्सगिविंग के रात्रिभोज की मेज पर परोसे जाने से बचा लिया जाएगा. हालांकि, व्हाइट हाउस के आधिकारिक समारोह में इनमें से केवल एक को राष्ट्रपति के हाथों औपचारिक क्षमादान मिलेगा. आम लोग ऑनलाइन मतदान के जरिए तय कर सकते हैं कि दोनों में से किसे यह सम्मान मिलेगा.

दोनों टर्की वेस्ट वर्जीनिया से लाए गए हैं और माफी मिलने के बाद टेक्सास ए एंड एम यूनिवर्सिटी में रहेंगे. व्हाइट हाउस के मुताबिक, इस साल टर्की को राष्ट्रपति की ओर से माफी देने का 79वां आयोजन होगा.

टर्की को जीवनदान देने की कहानी अमेरिका के 16वें राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन के कार्यकाल से जुड़ी है. साल 1863 में क्रिसमस के मौके पर लिंकन के परिवार के भोजन के लिए एक जिंदा टर्की लाया गया था.

लिंकन के छोटे बेटे टैड को उस पक्षी से लगाव हो गया. उन्होंने अपने पिता से टर्की की जान बचाने की गुहार लगाई. बेटे की बात मानते हुए लिंकन ने उसे मारने के बजाय जिंदा छोड़ दिया.

व्हाइट हाउस के तत्कालीन रिपोर्टर नोआ ब्रूक्स ने 1865 में इस घटना का जिक्र किया था. हालांकि, यह थैंक्सगिविंग के मौके पर टर्की को माफ करने की परंपरा नहीं थी. यह क्रिसमस के लिए लाए गए एक पक्षी को बचाने की घटना थी.

इसी वजह से लिंकन के समय की इस घटना को परंपरा की शुरुआती कहानियों में गिना जाता है, लेकिन इसे आधिकारिक राष्ट्रपति क्षमादान की शुरुआत नहीं माना जाता.

टर्की को राष्ट्रपति को भेंट करने की परंपरा 1947 में शुरू हुई. उस साल नेशनल टर्की फेडरेशन और पोल्ट्री एंड एग नेशनल बोर्ड ने अमेरिकी राष्ट्रपति हैरी एस ट्रूमैन को एक टर्की भेंट किया था.

इसके बाद थैंक्सगिविंग के मौके पर राष्ट्रपति को टर्की भेंट करने का सिलसिला शुरू हो गया. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं था कि राष्ट्रपति उस पक्षी को जीवनदान भी देते थे.

ट्रूमैन लाइब्रेरी के मुताबिक, ऐसा कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे साबित हो कि ट्रूमैन ने 1947 में या अपने राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान किसी टर्की को माफ किया था. उस दौर में राष्ट्रपति को दिए गए टर्की अक्सर उनके परिवार के भोजन के लिए होते थे