तिरुपरंकुंद्रम दीपथून विवाद: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद पारंपरिक जगह जला कार्तिगई दीपम, मदुरै कलेक्टर ने मांगी माफी

Posted on: 2026-11-25


तमिलनाडु के मदुरै में तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम मंगलवार शाम को पारंपरिक जगह उचिपिल्लैयार दीप मंडपम में ही जलाया गया, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने 'दीपथून' पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। इसके बाद भाजपा और हिंदू संगठनों ने राज्य सरकार पर कोर्ट के आदेश की अवहेलना का आरोप लगाया। कई जगह प्रदर्शन हुए और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के दीपथून पर कार्तिगई दीपम न जलने का मामला अब सीधे सुप्रीम कोर्ट के कठघरे तक पहुंच गया है। मदुरै के जिलाधिकारी ने कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर साफ माना कि दीपथून पर दीप नहीं जल पाया। हलफनामे में उन्होंने इसके लिए ईमानदारी से माफी भी मांगी है। यही माफीनामा अब पूरे विवाद की सबसे बड़ी सुर्खी बन गया है। कलेक्टर की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने कोर्ट को बताया कि दीपथून पर दीप नहीं जलाया जा सका।

तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी की तलहटी में भगवान मुरुगन के छह पवित्र धामों में से एक अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर है, जबकि चोटी पर सिकंदर बादशा दरगाह है। 'दीपथून' यानी पत्थर का स्तंभ दरगाह से करीब 50 मीटर दूर है। विवाद इस बात पर है कि परंपरागत कार्तिगई दीपम इस स्तंभ पर भी जलाया जाए या नहीं।

20 नवंबर को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की सुप्रीम कोर्ट पीठ ने त्योहार के दिन दीपथून पर दीप जलाने का आदेश दिया था। कोर्ट ने इसे "अस्थायी, एकबारगी व्यवस्था" बताया। यह अंतरिम आदेश 6 जनवरी के फैसले पर रोक लगाने की तमिलनाडु सरकार की याचिका पर आया था। इसी बीच एक याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट से दीप न जलाए जाने पर राज्य सरकार के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग की है