कब शुरू होगा शीतकालीन सत्र? CPI सांसद ने उपराष्ट्रपति से की हस्तक्षेप की मांग, कहा- सरकार की सुविधा से नहीं चल सकती संसद

Posted on: 2026-11-25


भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के राज्यसभा सांसद पी. संदोष कुमार ने संसद के आगामी शीतकालीन सत्र की तारीखों को लेकर आधिकारिक स्पष्टता न होने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने राज्यसभा के सभापति उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को पत्र लिखकर इस बारे में स्पष्टता और परामर्श की कमी पर चिंता जताई है और उनसे तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है।

सांसद ने पत्र में कहा है कि संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त 2026 को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन अब तक न तो लोकसभा और न ही राज्यसभा का सत्रावसान किया गया है। इसके अलावा नवंबर का अंतिम सप्ताह शुरू होने के बावजूद शीतकालीन सत्र की तारीखों को लेकर कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है।

पी. संदोष कुमार ने अपने पत्र में कहा है कि आमतौर पर संसद का शीतकालीन सत्र नवंबर-दिसंबर के दौरान आयोजित किया जाता है। सामान्य तौर पर सांसदों को तारीखों के बारे में काफी पहले बता दिया जाता है, ताकि वे संसदीय कार्यवाही के लिए तैयारी कर सकें।

उन्होंने कहा कि सांसदों की अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के प्रति भी जिम्मेदारियां होती हैं। उन्हें अपनी यात्रा, क्षेत्रीय कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों की योजना बनाने के लिए संसदीय कैलेंडर की जानकारी की आवश्यकता होती है। बिना किसी औपचारिक अधिसूचना या परामर्श के सांसदों को अनिश्चितता की स्थिति में रखना उचित नहीं है।