क्रिकेट में खिलाड़ियों की किस्मत कब कौन-सा मोड़ ले ले, कहना मुश्किल है. कभी भारतीय अंडर-19 टीम के उपकप्तान रहे हरप्रीत सिंह भाटिया ने मंगलवार (24 नवंबर) को अपने करियर की एक यादगार पारी खेली. 35 साल के इस बल्लेबाज ने एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत-ए के खिलाफ संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की ओर से खेलते हुए शानदार शतक जड़ दिया. जिस खिलाड़ी ने कभी भारत की जूनियर टीम का प्रतिनिधित्व किया था, उसी ने अब भारतीय टीम के खिलाफ मैदान पर शतकीय पारी खेलकर सबका ध्यान खींचा है.
दोहा के यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में हरप्रीत सिंह भाटिया तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे. उन्होंने संभलकर पारी आगे बढ़ाई और 120 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. 40वें ओवर में हर्षित राणा की गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने तीन अंकों का आंकड़ा छुआ.
हरप्रीत ने कुल 144 गेंदों का सामना करते हुए 130 रन बनाए. उनकी पारी में 12 चौके और चार छक्के शामिल रहे. यह उनके लिस्ट-ए करियर का सातवां शतक था. शुरुआती विकेट गिरने के बाद उन्होंने मुहम्मद शाहदाद और ईथन डिसूजा के साथ अहम साझेदारियां कीं और यूएई की पारी को संभाला.
हरप्रीत सिंह भाटिया ने जूनियर क्रिकेट में ही अपनी प्रतिभा का परिचय दे दिया था. 2008-09 कूच बिहार ट्रॉफी में उन्होंने सात मुकाबलों में 709 रन बनाए थे. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें सीजन का सर्वश्रेष्ठ अंडर-19 क्रिकेटर चुना गया.
इसके बाद 2009 में भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्हें अंडर-19 टीम का उपकप्तान बनाया गया. इस दौरे पर हरप्रीत ने 52.40 की औसत से 262 रन बनाए थे. उन्हें 2010 अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए भी भारतीय टीम में जगह मिली. उस टीम में केएल राहुल और मयंक अग्रवाल जैसे खिलाड़ी भी शामिल थे.
हरप्रीत ने 2009-10 सीजन में मध्य प्रदेश की ओर से रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था. बाद में वह छत्तीसगढ़ की टीम से जुड़ गए. रणजी ट्रॉफी के 2017-18 सीजन में उन्होंने 629 रन बनाए, जबकि 2018-19 सीजन में उनके बल्ले से 627 रन निकले.
विजय हजारे ट्रॉफी 2022-23 में भी हरप्रीत का प्रदर्शन शानदार रहा. उन्होंने सात पारियों में 516 रन बनाए, जिसमें दो शतक शामिल थे. लंबे समय तक भारतीय घरेलू क्रिकेट में खेलने के बाद उन्होंने 2026 में यूएई की नागरिकता हासिल की और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के योग्य बने.