सोनिया गांधी की किताब में वीर सावरकर पर लिखी बातों को लेकर विवाद, प्रपौत्र ने भेजा कानूनी नोटिस

Posted on: 2026-11-24


पुणे में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वीर सावरकर के प्रपौत्र सत्याकी सावरकर ने उनकी किताब 'बिलॉन्गिंग अ जर्नी ऑफ लव' में लिखी गई कुछ बातों पर आपत्ति जताई है। सत्याकी का आरोप है कि किताब के दो पन्नों पर विनायक दामोदर सावरकर के बारे में ऐसी जानकारी दी गई है, जिसका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है। उन्होंने अपने वकील के जरिए सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजा है। इसमें 15 दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है। जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने पुणे जिला अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर करने की चेतावनी दी है।

यह पूरा विवाद सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग अ जर्नी ऑफ लव' के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखी गई बातों को लेकर है। सत्याकी सावरकर का कहना है कि इन दोनों पन्नों पर वीर सावरकर के बारे में ऐसी बातें लिखी गई हैं, जिनके समर्थन में कोई तथ्य या सबूत मौजूद नहीं है। सत्याकी के वकील संग्राम कोल्हटकर के मुताबिक, किताब में दी गई जानकारी से सावरकर की छवि को नुकसान पहुंचा है। इसी आधार पर इसे मानहानि का मामला बताया गया है। सत्याकी ने अपने वकीलों के माध्यम से सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजकर किताब में लिखी गई बातों का आधार बताने और उनके समर्थन में सबूत पेश करने की मांग की है।

सत्याकी सावरकर ने साफ कहा है कि अगर 15 दिनों के भीतर सोनिया गांधी की तरफ से कोई जवाब नहीं मिलता है तो वह अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। उनके वकील संग्राम कोल्हटकर ने भी इसकी पुष्टि की है। फिलहाल इस मामले में मानहानि को लेकर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। वकील के मुताबिक, मामले के दूसरे कानूनी पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है। आगे की जांच में यदि कोई अन्य कानूनी प्रावधान लागू होता है तो उसके तहत भी कार्रवाई की जा सकती है।