प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रानी लक्ष्मीबाई को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी

Posted on: 2026-11-19


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रानी लक्ष्मीबाई को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने सबसे मुश्किल हालात में भी अपने कर्तव्य या आत्म-सम्मान से कभी समझौता नहीं किया। श्री मोदी ने कहा कि विदेशी शासन के खिलाफ लड़ाई में उनके अदम्य साहस और असाधारण वीरता की कहानी इस देश की हर पीढ़ी को मातृभूमि के लिए सब कुछ कुर्बान करने के लिए प्रेरित करती रहेगी।

रानी लक्ष्मीबाई का जन्म 19 नवंबर 1828 को वाराणसी में हुआ था। बचपन में उनका नाम मणिकर्णिका था और परिवार के लोग उन्हें मनु कहकर पुकारते थे। उनके पिता का नाम मोरोपंत तांबे और माता का नाम भागीरथी बाई था। बचपन से ही मनु का स्वभाव साहसी और निडर था। उन्हें घुड़सवारी, तलवारबाजी और युद्ध कौशल सीखने में विशेष रुचि थी। उस दौर में लड़कियों के लिए इन गतिविधियों को सामान्य नहीं माना जाता था, लेकिन मनु ने सामाजिक परंपराओं की परवाह किए बिना अपनी प्रतिभा और साहस का परिचय दिया। वर्ष 1842 में उनका विवाह झांसी के महाराजा गंगाधर राव से हुआ। विवाह के बाद उनका नाम लक्ष्मीबाई रखा गया और वह झांसी की रानी बनीं।

महाराजा गंगाधर राव की मृत्यु के बाद झांसी की राजनीतिक परिस्थितियां बदलने लगीं। दंपती ने दामोदर राव को गोद लिया था, लेकिन ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने उनके उत्तराधिकार को मान्यता देने से इनकार कर दिया। उस समय अंग्रेजों की हड़प नीति यानी डॉक्ट्रिन ऑफ लैप्स के तहत झांसी को ब्रिटिश शासन में मिलाने की कोशिश की गई। रानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों के इस फैसले का विरोध किया और झांसी की स्वतंत्रता तथा अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष शुरू कर दिया। उनका प्रसिद्ध संकल्प 'मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी' आज भी भारतीय इतिहास में साहस और स्वाभिमान के प्रतीक के रूप में याद किया जाता है