तमिलनाडु की गुफा में मिला प्राचीन रहस्य! 11.87 मीटर लंबी सुरंग इंसानी हाथों से बनी होने के संकेत

Posted on: 2026-11-18


तिरुवल्लूर जिले की प्रागैतिहासिक गुडियम गुफाओं में चल रहे पुरातात्विक दस्तावेजीकरण कार्य के दौरान कई नई अहम खोजें सामने आई हैं। इनमें एक ऐसी सुरंगनुमा गुफा भी शामिल है, जिसके मानव द्वारा काटकर निर्मित या आकार दिए जाने के संकेत मिले हैं। भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण भारत के पूर्व निदेशक डॉ. पी. कुमारगुरु तथा गवर्नमेंट आर्ट्स कॉलेज, कोयंबत्तूर के भूविज्ञान विभागाध्यक्ष बी. गौतम का कहना है कि यह गुफा प्राकृतिक संरचनाओं से भिन्न दिखाई देती है। डॉ. कुमारगुरु ने बताया कि गुडियम गुफाएं प्राकृतिक रूप से बनी हैं और यहां पाषाण युग से मानव गतिविधियों के पुरातात्विक प्रमाण पहले से मिल चुके हैं। हालांकि हाल में पहचानी गई ववाल (वेल्वल या चमगादड़) गुफा (बैट केव) में मानवीय हस्तक्षेप के स्पष्ट संकेत दिखाई देते हैं।

स्थानीय रूप से ववाल गुफा के नाम से जानी जाने वाली यह सुरंग 11.87 मीटर लंबी है। इसके प्रवेश द्वार की ऊंचाई 3.22 मीटर तथा चौड़ाई 2.22 मीटर है। याक्कै ट्रस्ट के सचिव और शोधकर्ता कुमारवेल रामासामी ने बताया इसकी सुव्यवस्थित संरचना, समतल आंतरिक भाग और प्राकृतिक गुफाओं में सामान्य रूप से पाई जाने वाली खुरदरी सतह, खनिज जमाव तथा चट्टान टूटने के चिह्नों का अभाव इसे विशिष्ट बनाता है। इससे संकेत मिलता है कि इसे काटकर आकार दिया गया।

सर्वेक्षण में लाल गेरू, सफेद और काले रंग के प्राचीन शैलचित्र भी दर्ज किए गए हैं। इनमें विभिन्न प्रतीक, ज्यामितीय आकृतियां और मानव आकृतियां शामिल हैं। कुरलचवाडु सुनै गुफा में जमीन से 7.08 मीटर ऊंचाई पर स्थित ऊपरी दीवार पर एक चित्र मिला है। पसुमाडु पड़ै और कन्नीथोप्पु गुफाओं में भी शैलचित्र मिले हैं।