चक्रवात 'अकवान' से मध्य प्रदेश में बदलेगा मौसम; 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

Posted on: 2026-11-18


मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों के भीतर मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम 'अकवान' का असर प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को पूर्वी, दक्षिणी और मध्य क्षेत्र के जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं दूसरी तरफ, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में रात के तापमान में भी तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में चक्रवाती सिस्टम का सबसे ज्यादा असर 21 नवंबर को देखने को मिलेगा. इस दिन बालाघाट और डिंडौरी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. अनुमान है कि इन दोनों जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान ढाई से साढ़े 4 इंच तक बारिश हो सकती है.

चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के 20 जिलों में मौसम करवट लेगा. मौसम विभाग ने मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, मंडला, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर और खरगोन में बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इससे पहले 20 नवंबर से ही पूर्वी मध्य प्रदेश के शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में हल्की बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जबकि भोपाल समेत कई शहरों में बादल और धुंध छाए रहने के आसार हैं.