डिजिटल बुनियादी ढांचा आर्थिक अवसरों को बढ़ाने में मददगार: विदेश मंत्री

Posted on: 2026-11-04


विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बुधवार को राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की कार्यकारी बैठक (चोगम) में सुशासन और वित्तीय जवाबदेही के लिए डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इससे अर्थव्यवस्था में अवसरों का विस्तार हुआ है और आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा मिला है।

बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए डॉ. जयशंकर ने भारत के हालिया मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) और इस दिशा में चल रही अन्य वार्ताओं पर भी बात की। उन्होंने कहा कि ऐसे समझौते व्यापार में निश्चितता लाने और आपूर्ति शृंखलाओं को मजबूत बनाने में मदद करेंगे।

डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि भारत का डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा सुशासन और वित्तीय जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के साथ अर्थव्यवस्था में अवसरों को अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहायक रहा है।

एंटीगुआ और बारबुडा की आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे डॉ. जयशंकर का हवाई अड्डे पर वहां के विदेश मंत्री एवरली चेत ग्रीन और पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री चार्ल्स फर्नांडिस ने स्वागत किया।

राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक (चोगम) 1 से 4 नवंबर तक एंटीगुआ और बारबुडा में आयोजित की जा रही है।

एंटीगुआ और बारबुडा के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन ने कहा कि इस वर्ष की बैठक की थीम देशों के बीच एकता, प्रगति और समानता के प्रति देश की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब देश और समाज मिलकर काम करें तथा सभी को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।