समुद्री लुटेरों से 20 ईरानी नागरिकों को बचाने पर भारत का ईरान ने जताया आभार

Posted on: 2026-11-03


अरब सागर में समुद्री लुटेरों के कब्जे से मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ के 20 ईरानी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचाने के लिए ईरान ने भारत सरकार, भारतीय नौसेना और भारतीय वायुसेना का आभार जताया है। ईरान के नई दिल्ली स्थित दूतावास ने मंगलवार को भारतीय सशस्त्र बलों के समन्वित अभियान की सराहना करते हुए इसे मानवीय सहायता और सीमाओं से परे लोगों की जान बचाने की भारत की प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।

ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने इस अभियान में पेशेवर क्षमता, साहस और प्रभावी समन्वय का प्रदर्शन किया। दूतावास ने कहा कि यह अभियान मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

दूतावास ने इस अभियान को भारत और ईरान के बीच मित्रता, एकजुटता और सहयोग की भावना का प्रमाण बताया। साथ ही, ईरानी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचाने में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अनुसार, भारतीय नौसेना ने मुंबई से 3,000 किलोमीटर से अधिक दूर अरब सागर में 48 घंटे तक चले सुनियोजित अभियान के दौरान समुद्री लुटेरों के कब्जे वाले जहाज ‘अजिनी’ के सभी 20 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचाया।

यह अभियान 2 नवंबर को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। नौसेना ने जहाज का पता लगाकर उसे रोका और भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों के कब्जे से चालक दल के सभी सदस्यों को सुरक्षित मुक्त कराया। इस अभियान में भारतीय वायुसेना ने भी समय पर सहयोग दिया।

राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अभियान की सफलता के लिए भारतीय नौसेना को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जहाज का तेजी से पता लगाना, उसे रोकना और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित मुक्त कराना नौसेना की उच्च परिचालन तत्परता और क्षेत्र में समुद्री खतरों से निर्णायक ढंग से निपटने की क्षमता को दर्शाता है।

रक्षा मंत्री ने अभियान में शामिल जवानों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक बार फिर लोगों की जान बचाने, समुद्री सुरक्षा बनाए रखने और हिंद महासागर क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने के भारत के संकल्प को प्रदर्शित किया है।

उन्होंने दोहराया कि भारत सुरक्षित समुद्री मार्गों और स्वतंत्र, खुले एवं सुरक्षित हिंद महासागर क्षेत्र को सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार काम करता रहेगा।