राष्ट्रपति मुर्मू और उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी।

Posted on: 2026-09-17


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है।
 
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, राष्ट्रपति मुर्मू ने पिछले 25 वर्षों में श्री मोदी की अनुकरणीय सार्वजनिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की सराहना की, जिसमें मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल शामिल है।
 
अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सुशासन के कई मानक स्थापित किए हैं और समावेशी विकास को अभूतपूर्व गति प्रदान की है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देश सांस्कृतिक गौरव के साथ आधुनिक प्रगति की ओर अग्रसर है और विरासत तथा विकास के बीच प्रभावी संतुलन बनाए हुए है। राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की ताकि वे राष्ट्र की निरंतर सेवा करते रहें।
 
उपराष्ट्रपति ने कहा कि श्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विश्व में एक उज्ज्वल स्थान के रूप में उभर रहा है और सबसे तेजी से विकसित हो रही प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि 25 करोड़ से अधिक भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर निकल चुके हैं। श्री राधाकृष्णन ने कहा कि एक परिवर्तनकारी डिजिटल क्रांति ने लाखों लोगों को सशक्त बनाया है, जबकि अंतरिक्ष, प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य सेवा से लेकर अवसंरचना और विनिर्माण तक, हर क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।
 
इसी बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी प्रधानमंत्री को बधाई दी है। मंत्री ने कहा कि जनसेवा के प्रति श्री मोदी की प्रतिबद्धता और समर्पण सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र की सेवा जारी रखने के लिए अटूट ऊर्जा प्रदान करें।