प्रधानमंत्री मोदी नई दिल्ली के यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2026 के 5वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे।

Posted on: 2026-09-17


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह नई दिल्ली के यशोभूमि परिसर में सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री सभा को संबोधित भी करेंगे। तीन दिवसीय सम्मेलन और प्रदर्शनी, जो आज से शुरू हो रही है, 'सिलिकॉन से सिस्टम तक: पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण' विषय पर आधारित है। इसमें सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मूल्य श्रृंखला से जुड़ी वैश्विक और भारतीय कंपनियां, नीति निर्माता, निवेशक, शोधकर्ता, स्टार्टअप, शैक्षणिक संस्थान और छात्र एक साथ आएंगे। 
 
यह सम्मेलन भारत में सहयोग, निवेश, नवाचार और प्रतिभा विकास को बढ़ावा देने पर केंद्रित होगा। समानांतर सत्रों में डिस्प्ले उद्योग में हुई प्रगति, सहयोग और संयुक्त उद्यमों को सुगम बनाने के लिए डिज़ाइन की गई छह कंट्री राउंडटेबल्स और महिला नेतृत्व पर एक मंच सहित अन्य सत्र शामिल होंगे। सेमीकॉन इंडिया 2026 एक व्यापक मूल्य-श्रृंखला दृष्टिकोण अपनाएगा, जिसमें सेमीकंडक्टर सामग्री, उपकरण और चिप डिज़ाइन से लेकर निर्माण, उन्नत पैकेजिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और सिस्टम तक की यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा।
 
'रेत से सिलिकॉन से सिस्टम तक' नामक नया वैल्यू चेन एक्सपीरियंस सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम की इस यात्रा को प्रस्तुत करेगा। इसमें 600 से अधिक कंपनियां भाग लेंगी और लगभग 50 हजार आगंतुकों को आकर्षित करने की उम्मीद है, जिनमें 52 देशों के प्रतिनिधि, 400 से अधिक अधिकारी और 150 से अधिक वक्ता शामिल होंगे।
 
इस प्रदर्शनी में जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, नीदरलैंड, सिंगापुर और स्वीडन का प्रतिनिधित्व करने वाले छह कंट्री पवेलियन, साथ ही 12 स्टेट बूथ, एक स्टार्टअप पवेलियन, इनोवेशन शोकेस, स्टूडेंट हैकाथॉन और वर्कफोर्स डेवलपमेंट पवेलियन शामिल होंगे।