प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा का एक महीने का राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान आज से शुरू हो गया है। अगले महीने की 17 तारीख तक चलने वाले इस सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन को सेवा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके तहत देश भर में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया है।
पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। नबीन ने अन्य पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रक्तदान किया। बाद में मीडिया से बात करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देशभर के पार्टी कार्यकर्ता इन रक्तदान शिविरों में भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नागरिकों के जीवन में बदलाव आया है। नबीन ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है।
दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खाटू श्याम मंदिर में हवन किया। बाद में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने आगे कहा कि मोदी जी द्वारा जनसेवा पर दिए जा रहे निरंतर जोर से प्रेरित होकर दिल्ली सरकार ने आज विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया है।