नई दिल्ली, 10 सितंबर वाहन कलपुर्जा विनिर्माता कंपनी हीरो मोटर्स लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) निवेशकों के लिए 16 सितंबर को खुलेगा। इसमें निवेश के लिए निवेशक 18 सितंबर तक बोली लगा सकते हैं। इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 79–84 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इसके शेयरों की लिस्टिंग 23 सितंबर को शेयर बाजार में होने की संभावना है।
हीरो मोटर्स लिमिटेड ने कहा कि एक हजार करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 600 करोड़ रुपये के नए शेयर और लगभग 400 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण शामिल होगा। नए शेयर जारी करने से प्राप्त राशि में से 190 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कुछ बकाया कर्ज के भुगतान या पूर्व भुगतान में किया जाएगा। 200 करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर स्थित कंपनी की इकाई में क्षमता विस्तार के लिए जरूरी उपकरण खरीदने में लगाए जाएंगे। शेष राशि का रणनीतिक पहलों और सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए रखी जाएगी।
कंपनी के अनुसार 10 रुपये अंकित मूल्य वाले इस इश्यू में निवेशक न्यूनतम 178 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 178 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं।
यह कंपनी भारत की प्रमुख ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक है, जो अमेरिका, यूरोप, भारत और आसियान क्षेत्र में ऑटोमोटिव ओरिजिनल उपकरण निर्माता (ओईएम) के लिए हाई-इंजीनियर्ड पावरट्रेन समाधानों को डिजाइन, विकसित, निर्मित और सप्लाई करती है।