शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट

Posted on: 2026-09-10


नई दिल्ली, 10 सितंबर । ग्लोबल मार्केट से कमजोर संकेत मिलने की वजह से घरेलू शेयर बाजार भी आज दबाव में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की सपाट स्तर पर मिली-जुली शुरुआत हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में थोड़ी तेजी भी आई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया। शेयरों की बिक्री होने की वजह से इन दोनों सूचकांकों ने लाल निशान में गोता लगा दिया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.09 प्रतिशत और निफ्टी 0.05 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 21.69 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 74,742.54 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक उछल कर 74,910.96 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण इस सूचकांक ने लाल निशान में गोता लगा दिया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 68.42 अंक यानी 0.09 प्रतिशत लुढ़क कर 74,695.81 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 15.10 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 23,446.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 23,494.95 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि तेजी का यह दौर अधिक देर तक टिक नहीं सका। पहले 5 मिनट के कारोबार के बाद ही बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक ने लाल निशान में गोता लगा दिया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 11.80 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,419.70 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,935 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,705 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,230 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 18 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 19 शेयर हरे निशान में और 31 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से ओएनजीसी, टेक महिंद्रा, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, सिप्ला और एक्सिस बैंक के शेयर 1.32 प्रतिशत से लेकर 0.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, इंटरग्लोब एवियेशन, एचसीएल टेक्नोलॉजी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आयशर मोटर्स और अडानी इंटरप्राइजेज के शेयर 1.63 प्रतिशत से लेकर 0.92 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 813.35 अंक यानी 1.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,764.23 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 203.60 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,431.50 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।