Posted on:
लीबिया में, सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों ने त्रिपोली के पास एक महत्वपूर्ण ऊर्जा परिसर में धावा बोल दिया। ये प्रदर्शन लंबे समय से जारी बिजली कटौती को लेकर हो रहे थे, जिससे देशव्यापी ब्लैकआउट का खतरा बढ़ गया है। प्रदर्शनकारी कल मेलिटाह ऑयल एंड गैस परिसर में घुस गए और बिजली संयंत्रों में इस्तेमाल होने वाली गैस पाइपलाइनों को बंद कर दिया। परिसर का संचालन करने वाली बिजली कंपनी ने चेतावनी दी है कि इस व्यवधान से व्यापक ब्लैकआउट हो सकता है और बिजली ग्रिड ठप हो सकता है।
पश्चिमी लीबिया के ज़ाविया, त्रिपोली और मिसराता सहित कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रहने के विरोध में प्रदर्शन फैल गए हैं। प्रदर्शनकारी बिजली सेवाओं में सुधार और प्रधानमंत्री अब्दुल हामिद दिबाह की राष्ट्रीय एकता सरकार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। दिबाह त्रिपोली में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि पूर्वी लीबिया में ओसामा हम्माद प्रशासन के प्रमुख हैं, जहां शक्तिशाली सैन्य कमांडर खलीफा हफ़्टर का दबदबा कायम है।
2011 में नाटो समर्थित विद्रोह के बाद से लीबिया विभाजित बना हुआ है, जिसने लंबे समय तक तानाशाह रहे मुअम्मर गद्दाफी को सत्ता से हटा दिया और मार डाला।