पैडरबोर्न, 26 मई । जर्मन फुटबॉल क्लब वोल्फ्सबर्ग 29 वर्षों बाद बुंडेसलीगा से बाहर हो गया। सोमवार को खेले गए रेलिगेशन प्लेऑफ के दूसरे चरण में पैडरबोर्न ने अतिरिक्त समय में 2-1 से जीत दर्ज कर शीर्ष लीग में जगह बना ली।
दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा था। दूसरे चरण में वोल्फ्सबर्ग ने तीसरे मिनट में डेजनान पेजचिनोविच के गोल की बदौलत बढ़त बना ली थी, लेकिन पैडरबोर्न ने पहले हाफ खत्म होने से सात मिनट पहले फिलिप बिलबिजा के गोल से बराबरी कर ली।
मुकाबले में वोल्फ्सबर्ग की मुश्किलें तब बढ़ गईं जब जोआकिम मेहले को शुरुआती गोल के केवल 11 मिनट बाद रेड कार्ड दिखाया गया। उन्हें तीन मिनट के भीतर दो पीले कार्ड मिले और टीम को लगभग पूरा मैच 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
इसके बाद पैडरबोर्न ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन वोल्फ्सबर्ग के गोलकीपर कामिल ग्राबारा ने कई शानदार बचाव कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 रहने के बाद मैच अतिरिक्त समय में पहुंचा।
अतिरिक्त समय के 10वें मिनट में लॉरिन कुर्डा ने शानदार वॉली गोल दागकर पैडरबोर्न को निर्णायक बढ़त दिलाई। यही गोल टीम की ऐतिहासिक जीत का कारण बना और पैडरबोर्न ने तीसरी बार बुंडेसलीगा में प्रवेश किया।
वोल्फ्सबर्ग 1997 में पहली बार बुंडेसलीगा में पहुंचा था और तब से लगातार शीर्ष लीग का हिस्सा रहा। क्लब ने 2009 में बुंडेसलीगा खिताब और 2015 में जर्मन कप जीता था।
वहीं पैडरबोर्न की इससे पहले बुंडेसलीगा में दो बार एंट्री हुई थी, लेकिन दोनों मौकों पर टीम अगले ही सत्र में बाहर हो गई थी।