अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है
कि अमेरिका भारत को उतनी ही ऊर्जा बेचने के लिए तैयार है जितनी भारत खरीदना
चाहेगा। उन्होंने यह बात होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने के कारण भारत में ऊर्जा
की बढ़ती कीमतों से प्रभावित होने के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कही।
मंत्री ने स्वीडन और भारत की अपनी यात्रा पर रवाना होते हुए मियामी में पत्रकारों
से बातचीत के दौरान यह बात कही। उन्होंने भारत को एक महान साझेदार बताया और कहा कि
उनकी यह यात्रा महत्वपूर्ण है, क्योंकि
इससे उन्हें क्वाड देशों के मंत्रियों से मिलने का अवसर मिलेगा।
रुबियो इस महीने की 23 से 26 तारीख
तक भारत में रहेंगे और कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली का दौरा करेंगे। क्वाड की
बैठक 26 तारीख को होनी है, जिसमें रुबियो, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान के विदेश मंत्री
मोटेगी तोशिमित्सु के शामिल होने की उम्मीद है। इस बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री
एस. जयशंकर करेंगे। रुबियो की कोलकाता यात्रा लगभग 14 वर्षों में किसी अमेरिकी विदेश मंत्री की पहली यात्रा होगी। अमेरिकी
विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने 2012 में
कोलकाता का दौरा किया था।