रायपुर । राजधानी रायपुर समेत आसपास के जिलों में ज्वेलरी दुकानों और सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। सोशल मीडिया रील्स देखकर चोरी के तरीके सीखने वाले इस गिरोह सहित कुल 8 चोरी के प्रकरणों में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 28 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, नगद राशि और चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के सतत मॉनिटरिंग में की गई। कार्रवाई में थाना खम्हारडीह, डीडी नगर, पुरानी बस्ती, आरंग, पंडरी, विधानसभा रायपुर और जिला बलौदा बाजार के पलारी क्षेत्र की चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
घरों और ज्वेलरी दुकानों को बनाया निशाना
जांच में सामने आया कि आरोपी सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने के साथ-साथ ज्वेलरी दुकानों में ग्राहक बनकर आते थे और जेवरात दिखाने के दौरान मौके का फायदा उठाकर फरार हो जाते थे। कई मामलों में आरोपी मोटरसाइकिल से आए और वारदात के बाद तेजी से भाग निकले।
हिस्ट्रीशीटर संजय नेताम समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
थाना खम्हारडीह और डीडी नगर क्षेत्र के मामलों में हिस्ट्रीशीटर एवं शातिर चोर संजय नेताम उर्फ गोलू (43 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से करीब 18 लाख रुपये के जेवरात, नगदी और चोरी की दोपहिया वाहन जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ पहले से कई थानों में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुरानी बस्ती क्षेत्र के मामलों में भूपेंद्र पटेल उर्फ गजनी और करण टांडी को गिरफ्तार कर करीब 2 लाख रुपये का माल बरामद किया गया।
आरंग, पंडरी और पलारी क्षेत्र के मामलों में प्रमोद चतुर्वेदी, रितेश कुर्रे और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया, जिनसे करीब 5 लाख रुपये का माल और चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की गई।