सारंगढ़-बिलाईगढ़। थाना भटगांव पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ एक के बाद एक लगातार कार्रवाई करते हुए एक शराब कोचिया को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी शिवकुमार धारी के नेतृत्व में की गई।
8 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम झूमरपाली नाला के पास बने सार्वजनिक शौचालय एवं एक मकान में हेतराम भारती नामक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी हेतराम भारती पिता स्वर्गीय गुहाराम भारती, उम्र 46 वर्ष, निवासी ग्राम टेढ़ी भदरा, थाना भटगांव, जिला सारंगढ़–बिलाईगढ़ के कब्जे से 43 पाव देशी रोमियो प्लेन शराब, 02 पाव अंग्रेजी जम्मू शराब एवं 02 नग बीयर कुल 9 लीटर 400 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद की। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 4,040 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।