बांग्लादेश की हार से बदला WTC प्वॉइंट्स टेबल का समीकरण

Posted on: 2026-11-26


दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को दूसरे में पारी और 219 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया है. सेंचुरियन में खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे दिन ही जीत दर्ज कर ली. इस जीत के हीरो ऑलराउंडर वियान मुल्डर रहे, जिन्होंने शतक लगाने के साथ मैच में कुल आठ विकेट हासिल किए. दक्षिण अफ्रीका की इस शानदार जीत का असर आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका पर भी पड़ा है. टीम ने शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है, जबकि बांग्लादेश को नुकसान उठाना पड़ा है. आइए जानते हैं ताजा अंक तालिका में भारतीय टीम किस स्थान पर है.

बांग्लादेश के खिलाफ जीत के बाद दक्षिण अफ्रीका के अब वर्ल्ड पियनशिप के मौजूदा चक्र में 9 मैचों से 7 जीत हो गई हैं. टीम के कुल 84 अंक हैं और उसका पॉइंट्स प्रतिशत (PCT) 77.78 हो गया है. इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने फाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है.

वहीं, भारतीय टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर बनी हुई है. भारत ने अब तक 12 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें 5 में जीत, 4 में हार और 3 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं. टीम के खाते में 72 अंक हैं और उसका पॉइंट्स प्रतिशत 50 है.

सेंचुरियन टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका की जीत के सबसे बड़े नायक वियान मुल्डर रहे. उन्होंने मुकाबले में शतक लगाने के साथ कुल आठ विकेट अपने नाम किए. दूसरी पारी में तो उन्होंने अपनी गेंदबाजी से बांग्लादेश के बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी और 7 विकेट हासिल किए.

दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 494 रन पर 7 विकेट के स्कोर पर पारी घोषित की थी. इसके जवाब में बांग्लादेश की पहली पारी महज 91 रन पर सिमट गई थी. इस तरह दक्षिण अफ्रीका को 403 रन की बड़ी बढ़त मिली. फॉलोऑन खेलने उतरी बांग्लादेश की टीम दूसरी पारी में भी संभल नहीं सकी और 184 रन पर ऑलआउट हो गई.