रूसी युद्धपोत को घेरकर यूक्रेन का हमला, 1000 मील दूर समंदर में ड्रोन से बरसाई आग

Posted on: 2026-11-23


रूस लौट रहा नौसेना का एक युद्धपोत लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर हमले का शिकार हो गया. रविवार (22 नवंबर) तड़के यहां खड़े रूसी जहाज 'मर्करी' (Merkury) पर संदिग्ध समुद्री ड्रोन से हमला किया गया. धमाका इतना जोरदार था कि जहाज को भारी नुकसान पहुंचा और वह समुद्र में डूब गया. लीबिया की पूर्वी सरकार के अधिकारियों के मुताबिक, रूसी युद्धपोत वहां ईंधन भरवाने और जरूरी सामान लेने के लिए रुका था. इस हमले में यूक्रेन का हाथ होने का शक जताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यूक्रेन ने इस हमले के लिए समुद्री ड्रोन का इस्तेमाल किया था. न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के अनुसार, रूसी अधिकारियों ने बताया कि चार ड्रोन को रास्ते में ही रोककर नष्ट कर दिया गया, लेकिन दो ड्रोन युद्धपोत से टकरा गए. इससे जहाज पर जोरदार धमाका हुआ. बाद में सैटेलाइट तस्वीरों में मर्करी युद्धपोत समुद्र में डूबा नजर आया. यह हमला भूमध्य सागर में हुआ, जो यूक्रेन से 1,000 मील से भी ज्यादा दूर है. इस घटना ने रूस-यूक्रेन युद्ध का दायरा काफी दूर तक बढ़ा दिया है

रूस के खिलाफ जंग शुरू करते समय यूक्रेन के पास मजबूत नौसेना नहीं थी, लेकिन अब उसने समुद्री ड्रोन को ही अपना बड़ा हथियार बना लिया है. इन ड्रोन हमलों ने काला सागर में रूसी युद्धपोतों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हालात ऐसे बने कि रूस को अपना नौसैनिक बेड़ा क्रीमिया के सेवस्तोपोल से हटाकर नोवोरोस्सियस्क बंदरगाह पर ले जाना पड़ा.

एक्सपर्ट वेबसाइट 'नेवल न्यूज' ने हमले का शिकार हुए जहाज की पहचान 'मर्करी' के रूप में की थी. यह रूस का छोटा युद्धपोत यानी कॉर्वेट है. वेबसाइट के मुताबिक, हमले में इसके पूरी तरह नष्ट होने की आशंका है.