Posted on:
काठमांडू, 21 नवंबर । नेपाल के प्रमुख विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस ने प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के 22 नवंबर से प्रस्तावित भारत दौरे की सफलता और उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही पार्टी ने प्रधानमंत्री शाह पर भारत दौरे से पहले राष्ट्रीय हितों के मुद्दों पर साझा राय बनाने के लिए प्रमुख विपक्षी दल सहित अन्य दलों से परामर्श नहीं करने का आरोप भी लगाया।
नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ उपसभापति विश्वप्रकाश शर्मा ने शनिवार को एक बयान में कहा कि मित्र देशों की महत्वपूर्ण यात्राओं से पहले राष्ट्रीय हितों के मुद्दों पर साझा धारणा बनाने के लिए प्रमुख विपक्षी दलों और अन्य राजनीतिक दलों से परामर्श करना नेपाल की स्थापित लोकतांत्रिक परंपरा रही है। इसी उम्मीद के साथ नेपाली कांग्रेस ने भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग की संभावनाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को रचनात्मक सुझाव देने की तैयारी की थी, लेकिन सरकार ने प्रमुख विपक्षी दल, अन्य राजनीतिक दलों और विषय विशेषज्ञों से परामर्श करना जरूरी नहीं समझा।
इसलिए नेपाली कांग्रेस ने भी सरकार की ओर से नहीं मांगे गए औपचारिक सुझाव स्वयं देने को उचित नहीं समझा। पार्टी ने उम्मीद जताई कि यह दौरा केवल तात्कालिक लोकप्रियता हासिल करने या तत्काल प्रचार तक सीमित नहीं रहेगा। नेपाली कांग्रेस ने यह भी कहा, "सरकार के साथ हमारे कई मुद्दों पर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन नेपाल के राष्ट्रीय हितों और भारत के साथ संबंधों को मजबूत बनाने के विषय में प्रधानमंत्री के साथ हमारी प्रतिबद्धता स्पष्ट और अडिग है।"