काठमांडू, 18 नवंबर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह और नेपाल में नवनियुक्त भारतीय राजदूत सुधाकर दलेला के बीच बुधवार को मुलाकात हुई। सिंहदरबार स्थित प्रधानमंत्री तथा मंत्रिपरिषद कार्यालय में दोपहर को दोनों के बीच मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री शाह ने सुधाकर दलेला को नेपाल के लिए भारतीय राजदूत नियुक्त होने पर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने नेपाल में आई रसुवा-भोटेकोशी बाढ़ के बाद भारत सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री शाह ने अपनी आगामी भारत यात्रा की तैयारियों के बारे में भी राजदूत दलेला से जानकारी ली। इस दौरान भारतीय राजदूत दलेला ने कहा कि प्रधानमंत्री शाह की भारत यात्रा के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली मुलाकात ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री शाह की भारत यात्रा के एजेंडे तय हो चुके हैं और इस यात्रा को अधिक उपलब्धिमूलक बनाने के लिए दोनों देशों के संबंधित निकायों के बीच तेजी से तैयारियां की जा रही हैं। मुलाकात में नेपाल और भारत के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक संबंधों को और मजबूत बनाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
नेपाल के लिए भारतीय राजदूत नियुक्त होकर आने के बाद सुधाकर दलेला इससे पहले विदेश सचिव अमृत बहादुर राई सहित नेपाल सरकार के विभिन्न मंत्रियों से भी मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने 17 नवंबर को नेपाल के बुनियादी ढांचा विकास मंत्री सुनील लम्साल, पर्यटन मंत्री खडकराज पौडेल (गनेश) और विदेश सचिव अमृत बहादुर राई से मुलाकात की थी। इसी दिन उन्होंने नेपाल-भारत उद्योग वाणिज्य संघ (एनआईसीसीआई) के अध्यक्ष कुनाल कायल के साथ भी बैठक की थी।