ट्रंप के फिलीपींस पहुंचने से पहले अमेरिकी एआई परियोजना के खिलाफ प्रदर्शन

Posted on: 2026-11-17


मनीला (फिलीपींस), 17 नवंबर   अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फिलीपींस यात्रा से पहले देश में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। इन प्रदर्शनों की मुख्य वजह मनीला के उत्तर में प्रस्तावित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और औद्योगिक केंद्र है। स्थानीय लोग इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे उनकी जमीन, आजीविका और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंच सकता है।

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यह परियोजना अमेरिका की अगुवाई वाली अंतरराष्ट्रीय पहल 'पैक्स सिलिका' का हिस्सा है। इस पहल का उद्देश्य चीन पर निर्भरता कम करना और आधुनिक तकनीक से जुड़े उद्योगों के लिए दूसरे देशों में मजबूत आपूर्ति व्यवस्था तैयार करना है। इसके तहत फिलीपींस में 4,000 एकड़ से अधिक क्षेत्र में औद्योगिक केंद्र बनाने की योजना है।

सोमवार को मनीला में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने 'ट्रंप वापस जाओ' जैसे नारे लिखे पोस्टर और बैनर लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे का विरोध किया। कुछ पोस्टरों में ट्रंप को जोकर और शैतान के रूप में भी दिखाया गया। लोगों ने पैक्स सिलिका परियोजना को खारिज करने की मांग की।

इस परियोजना के विरोधियों का कहना है कि औद्योगिक केंद्र बनने से किसानों और वहां रहने वाले आदिवासी एटा समुदाय को अपनी जमीन छोड़नी पड़ सकती है। इससे इलाके की जलापूर्ति पर भी बुरा असर पड़ने की आशंका है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यह परियोजना फिलीपींस में अमेरिकी दबदबा बढ़ाने की कोशिश है।

एटा समुदाय के बीच काम करने वाले शिक्षक और वकील मैनिंगिंग विलोग ने कहा, "वे हमारी जमीन छीन रहे हैं। वे हमारी अर्थव्यवस्था पर कब्जा कर रहे हैं। पैक्स सिलिका केवल अमेरिका के हित में है, हमारे लिए नहीं।" प्रदर्शन में शामिल 20 वर्षीय कैसर कॉर्टिना ने भी परियोजना पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों के लिए एआई से ज्यादा जरूरी रोजमर्रा की जरूरतें हैं। किसानों, पानी और सिगरेट बेचकर गुजारा करने वालों तथा बस चलाने वालों को एआई से क्या लेना-देना है?

दूसरी ओर, फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर इस परियोजना का समर्थन कर रहे हैं। अक्टूबर में उन्होंने कहा था कि इस योजना से देश को आर्थिक रूप से बड़ा लाभ मिल सकता है। उनके मुताबिक, इससे फिलीपींस को आधुनिक तकनीक से जुड़े उद्योगों और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। मार्कोस सरकार का दावा है कि इस परियोजना से देश में एक लाख से लेकर एक लाख 30 हजार तक रोजगार पैदा हो सकते हैं।