27 साल की उम्र में ही रचिन रवींद्र ने बना डाले कई बड़े रिकॉर्ड, जाने रचिन रवींद्र की 7 खास उपलब्धियां

Posted on: 2026-11-18


क्रिकेट की दुनिया में कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं, जो बहुत कम समय में अपनी अलग पहचान बना लेते हैं। न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर रचिन रवींद्र भी ऐसे ही खिलाड़ियों में शामिल हैं। महज 27 साल की उम्र में उन्होंने कई ऐसे कारनामे किए हैं, जिन्हें हासिल करने में खिलाड़ियों को लंबा समय लग जाता है। बल्लेबाजी में उनके पास शानदार तकनीक है, तो गेंदबाजी में भी वह टीम के लिए उपयोगी साबित होते हैं। साल 2023 का वनडे वर्ल्ड कप हो या 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी, रचिन ने हर बड़े मंच पर अपनी छाप छोड़ी है। आइए उनके जन्मदिन के मौके पर जानते हैं उनके करियर की 7 बड़ी उपलब्धियां।

रचिन रवींद्र के करियर का सबसे यादगार प्रदर्शन 2023 वनडे वर्ल्ड कप में देखने को मिला। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 10 मैच खेले और 578 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक निकले। पहले ही वर्ल्ड कप में इतना शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने दुनिया भर के क्रिकेट फैंस का ध्यान खींचा। टूर्नामेंट में वह न्यूजीलैंड की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

फरवरी 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रचिन रवींद्र ने 240 रन की शानदार पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक था। उनकी इस पारी ने दिखाया कि वह सिर्फ सीमित ओवरों के क्रिकेट में ही नहीं, बल्कि टेस्ट में भी लंबी पारी खेलने की क्षमता रखते हैं।