साबरमती अग्निकांड पर सोनिया गांधी का दावा खारिज, राकेश अस्थाना बोले- हादसा नहीं, साजिश था गोधरा कांड

Posted on: 2026-11-14


2002 के गोधरा कांड को करीब 24 साल हो चुके हैं. उस समय साबरमती एक्सप्रेस में लगी आग को लेकर बहस एक बार फिर चर्चा में है. इसकी वजह कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की नई किताब 'Belonging: A Journey of Love' में इस घटना का जिक्र है. किताब के पेज 403 पर सोनिया गांधी ने ट्रेन में आग लगने की वजह को अब भी विवादित बताया है. उनके इस उल्लेख पर गुजरात पुलिस की SIT के तत्कालीन प्रमुख रहे राकेश अस्थाना ने आपत्ति जताई है. अस्थाना का कहना है कि आग किसी हादसे का नतीजा नहीं थी, बल्कि इसके पीछे बाकायदा साजिश रची गई थी.

सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि अयोध्या से अहमदाबाद लौट रही साबरमती एक्सप्रेस में आग लगने से 59 तीर्थयात्रियों की जान चली गई थी. ट्रेन में कारसेवक सवार थे. उन्होंने आगे लिखा कि आग लगने के कारणों को लेकर विवाद बना हुआ है, लेकिन इसके बाद गुजरात के कई हिस्सों में सांप्रदायिक हिंसा फैल गई और इसका सबसे ज्यादा असर मुस्लिम समुदाय पर पड़ा. इस टिप्पणी पर ANI से बातचीत में राकेश अस्थाना ने अपनी जांच का हवाला देते हुए कहा कि आग लगने की वजह स्पष्ट करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य जुटाए गए थे. उनके मुताबिक, जांच केवल आरोपियों के कबूलनामों पर आधारित नहीं थी. इसमें फोरेंसिक रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और जले हुए कोच के साथ आसपास के इलाके की वैज्ञानिक जांच भी शामिल थी

अस्थाना ने इंटरव्यू में उस घटनाक्रम का भी ब्यौरा दिया, जिसके आधार पर SIT ने आग को सुनियोजित साजिश माना था. उनके अनुसार, 27 फरवरी 2002 की सुबह करीब 8:10 बजे ट्रेन प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ी ही थी कि एक साथ तीन से चार बोगियों में चेन पुलिंग हुई. इससे ट्रेन रुक गई. ट्रेन दोबारा चली तो फिर चार डिब्बों में एक साथ चेन पुलिंग की गई और करीब आधा किलोमीटर आगे बढ़ने के बाद ट्रेन फिर ठहर गई.

अस्थाना के मुताबिक, ट्रेन सिग्नल फलिया इलाके के पास रुकी थी. वहां पहले से ही करीब 150 से 200 लोगों की भीड़ मौजूद थी. उनका दावा है कि इस भीड़ में 20 से 25 युवकों ने पहले ही पेट्रोल इकट्ठा कर रखा था और S6 कोच को निशाना बनाने की तैयारी थी.