BBC बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत चाहता है कि शेख हसीना की वापसी में बांग्लादेश की सेना की अहम भूमिका हो. साथ ही बांग्लादेश सरकार यह भरोसा दे कि हसीना को अपनी मौत की सजा के खिलाफ अपील करने का मौका मिलेगा और उनके खिलाफ नए सिरे से निष्पक्ष सुनवाई होगी.
गौरतलब है कि शेख हसीना अगस्त 2024 में बांग्लादेश में हुए छात्र आंदोलन के बाद देश छोड़कर भारत आ गई थीं. वह 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश की सेना के विमान से भारत पहुंची थीं. अब उन्होंने दिसंबर 2026 में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है. रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने भी इस योजना पर सहमति जताई है, लेकिन कुछ जरूरी शर्तें रखी हैं
भारत की पहली शर्त है कि शेख हसीना को वापस ले जाने की जिम्मेदारी बांग्लादेश की सेना उठाए. हसीना जिस सैन्य विमान से भारत आई थीं, भारत चाहता है कि उनकी वापसी भी उसी तरह बांग्लादेश की सेना की निगरानी में हो.
इसके लिए दो विकल्पों पर विचार किया जा रहा है. पहला, बांग्लादेश की सेना अपना विमान दिल्ली भेजकर हसीना को वापस ले जाए. दूसरा, बांग्लादेश की सेना सीमा पर किसी तय जगह पर पहुंचे और वहां से उन्हें अपने देश ले जाए.
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत इस पूरी प्रक्रिया के लिए जरूरी लॉजिस्टिक इंतजाम करने को तैयार है. नई दिल्ली का मानना है कि हसीना की वापसी के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है.