भारतीय टी20 टीम में वापसी की कोशिशों में जुटे सूर्यकुमार यादव ने अपने बल्ले से दमदार जवाब दिया है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में मुंबई की ओर से खेलते हुए सूर्या ने हैदराबाद के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी की. उन्होंने महज 21 गेंदों में 60 रन की नाबाद पारी खेली और मुंबई को 7 विकेट से शानदार जीत दिलाई. इस दौरान उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. इस पारी के बाद क्रिकेट फैंस यह उम्मीद लगा रहें है कि जल्द ही सूर्यकुमार यादव को दोबारा से टी-20 टीम में जगह मिल सकती है.
शनिवार को कोलकाता के जादवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस-2 ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 172 रन बनाए थे. जवाब में मुंबई ने सूर्यकुमार की तूफानी पारी की बदौलत महज 13.1 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम को सूर्यकुमार यादव ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए जीत तक पहुंचाया. उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 5 छक्के लगाए. सूर्या ने मैदान के चारों तरफ शॉट खेलते हुए हैदराबाद के गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया.
इस दौरान उन्होंने मुशीर खान के साथ तीसरे विकेट के लिए महज 23 गेंदों में 65 रन की साझेदारी की. मुशीर ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों में 51 रन बनाए. उनकी पारी में 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. वह 12वें ओवर में अजयराज गौड़ का शिकार बने.