ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का आठ साल पुराना सैंडपेपरगेट विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'Sabr' में हुए खुलासों के बाद यह मामला लगातार गर्माता जा रहा है. ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया है कि 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में हुई बॉल टैंपरिंग की जानकारी सिर्फ स्टीव स्मिथ, और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को ही नहीं थी, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को इसके बारे में पता था.
डेविड वॉर्नर ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए सैंडपेपरगेट मामले में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच को लेकर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि इस मामले की जांच ठीक से नहीं की गई थी.
इस विवाद में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का बयान भी काफी अहम हो गया है. स्टार्क ने पहले ही साफ कर दिया था कि वह 2021 में दिए गए अपने बयान पर आज भी कायम हैं.
हालांकि, उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच को लेकर एक अहम सवाल उठाया. स्टार्क के मुताबिक, उनकी जानकारी में 2018 की जांच के दौरान जोश हेजलवुड, नाथन लियोन और खुद उनका इंटरव्यू नहीं लिया गया था.
ऐसे में सवाल उठता है कि जब गेंदबाजों से इस मामले में पूछताछ ही नहीं हुई तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया किस आधार पर यह कह सकता है कि उन्हें बॉल टैंपरिंग की जानकारी नहीं थी?
इस बयान के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की पुरानी जांच एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है.