एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: भारत ने चीन को 5-2 से हराया, जापान और मलेशिया ने भी जीते मुकाबले

Posted on: 2026-10-30


एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में गुरुवार को ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम तीन रोमांचक मुकाबलों का गवाह बना। मेजबान भारत ने चीन को 5-2 से हराकर शानदार जीत दर्ज की, जबकि जापान ने बांग्लादेश को 1-0 और मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से शिकस्त दी।

भारत ने चीन को 5-2 से हराया

भारत और चीन के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक हॉकी का प्रदर्शन किया। भारत के लिए सुखजीत सिंह ने 12वें और 34वें मिनट में फील्ड गोल किए। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 27वें और 31वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त मजबूत की। जुगराज सिंह ने 47वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए एक और गोल दागा।

चीन की ओर से दो गोल

चीन की ओर से पेंग यांग ने 26वें मिनट में गोल किया, जबकि चोंगकोंग चेन ने 36वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए गोल दागा। हालांकि, भारतीय टीम ने लगातार दबाव बनाए रखा और मुकाबला 5-2 से अपने नाम कर लिया।

मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने खिलाड़ियों से की मुलाकात

पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने भारत-चीन मुकाबला देखा और दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों की बदौलत पंजाब को प्रतिष्ठित एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मिली है। उन्होंने पंजाब को देश का ‘हॉकी पावरहाउस’ बताते हुए कहा कि राज्य सरकार टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

जापान ने बांग्लादेश को 1-0 से हराया

एक अन्य मुकाबले में जापान ने कड़े संघर्ष के बाद बांग्लादेश को 1-0 से शिकस्त दी। जापान के लिए राइकी फुजीशिमा ने 40वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए मैच का एकमात्र गोल किया। बांग्लादेश की टीम इसके बाद बराबरी का गोल नहीं कर सकी और जापान ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया

दिन के पहले मुकाबले में मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया। मलेशिया के अजीमुद्दीन कमरुद्दीन ने 10वें मिनट में फील्ड गोल करके टीम का खाता खोला। दक्षिण कोरिया ने 31वें मिनट में सोंग हे-सोंग के फील्ड गोल की मदद से स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

दूसरे हाफ में मलेशिया ने बनाई बढ़त

मलेशिया ने इसके बाद आक्रामक खेल दिखाते हुए दो और गोल किए। मोहम्मद अखिमुल्लाह अनवर एसूक ने 36वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मलेशिया को 2-1 की बढ़त दिलाई। फैसल बिन सारी ने 50वें मिनट में एक और गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। इसके बाद दक्षिण कोरिया वापसी नहीं कर सका और मलेशिया ने मुकाबला जीत लिया।