दिल्ली में प्रीमियर लीग पार्क ने प्रशंसकों को दिया फुटबॉल का रोमांचक अनुभव

Posted on: 2026-10-28


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर   प्रीमियर लीग ने सप्ताहांत में नई दिल्ली के छतरपुर स्थित प्रीमियर लीग पार्क में आठवें मैच सप्ताह के मुकाबलों की विशेष स्क्रीनिंग के जरिए फुटबॉल प्रशंसकों को एक साथ आने का अवसर दिया। इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के गोलकीपर और प्यूमा के ब्रांड एंबेसडर गुरप्रीत सिंह संधू भी प्रशंसकों के बीच पहुंचे।

प्रशंसकों को फुटबॉल देखने, खेलने और उससे जुड़ने का अवसर देने के उद्देश्य से तैयार इस केंद्र में लाइव मैचों की स्क्रीनिंग के साथ कई इंटरैक्टिव गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रशंसकों ने टेकबॉल, दो-दो खिलाड़ियों की टीमों के बीच फुटबॉल मुकाबले और ईए स्पोर्ट्स एफसी 27 टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। इसके साथ ही उन्हें सप्ताहांत में प्रीमियर लीग के रोमांचक मुकाबले देखने का मौका भी मिला।

आठवें मैच सप्ताह में लिवरपूल ने ब्राइटन को 2-0 से हराया, जबकि एएफसी बॉर्नमाउथ ने मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की। वहीं, एस्टन विला ने मैनचेस्टर सिटी को 2-1 से पराजित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रीमियर लीग इंडिया के प्रबंध निदेशक ऋषिकेश शेंडे ने कहा, “भारत में प्रीमियर लीग के प्रति प्रशंसकों का जुनून अद्भुत है। प्रशंसकों को अपने पसंदीदा क्लबों और खिलाड़ियों का जश्न मनाने के लिए एक साथ आते देखना हमेशा खास होता है। प्रीमियर लीग पार्क को ऐसे साझा अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। सप्ताहांत में प्रशंसकों की प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही है और हम पूरे वर्ष अधिक से अधिक प्रशंसकों का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।”

भारत में अपनी तरह का पहला केंद्र बताया जा रहा प्रीमियर लीग पार्क गोलटेक इनोवेशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने अपने क्लेग्राउंड्स ब्रांड के माध्यम से विकसित और संचालित किया है। यह पहल भारत में फुटबॉल प्रशंसकों से जुड़ने और उन्हें पूरे वर्ष इस खेल का अनुभव लेने के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की प्रीमियर लीग की व्यापक योजना का हिस्सा है।