शुरुआती कारोबार में उतार चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

Posted on: 2026-10-29


नई दिल्ली, 29 अक्टूबर। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच तेजी का रुख बना हुआ है।आज के कारोबार की मिली-जुली शुरुआत हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद मंदड़ियों ने बिकवाली का दबाव बना दिया, जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक नीचे फिसल गए।

हालांकि, थोड़ी देर बाद निचले स्तर से शुरू हुई खरीदारी के कारण बाजार ने शानदार वापसी की और दोनों सूचकांक रिकवर होकर हरे निशान में आ गए। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.29 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहा था। इसी तरह, निफ्टी 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।

बीएसई का सेंसेक्स आज 22.44 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 73,268.47 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके चलते यह सूचकांक गिरकर 73,181.90 अंक के निचले स्तर तक चला गया। एचडीएफसी बैंक और एलएंडटी जैसे बड़े शेयरों में आई गिरावट से बाजार पर शुरुआती दबाव बना। हालांकि, थोड़ी ही देर बाद निचले स्तर पर लिवालों ने मोर्चा संभाल लिया, जिससे बाजार को सहारा मिला और सेंसेक्स अपनी कमजोरी से पूरी तरह उबर कर हरे निशान में पहुंच गया।

बाजार में शुरू हुई खरीदारी के इस सपोर्ट से सेंसेक्स निचले स्तर से बड़ी छलांग लगाते हुए 73,521.52 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 212.72 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की मजबूती के साथ 73,458.75 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।

सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 8.20 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी दर्ज करते हुए 22,690.65 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक फिसल कर 22,656.75 अंक के स्तर तक चला गया। हालांकि, शुरुआती झटके के बाद निचले स्तर पर शुरू हुई लिवाली के चलते इस सूचकांक की स्थिति में भी तेजी से सुधार होने लगा।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी पहले 20 मिनट के कारोबार में ही 22,769.70 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 41.30 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,740.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,671 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,384 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,287 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 10 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 27 शेयर हरे निशान में और 23 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

आज सुबह 10 बजे तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टॉप गेनर्स की सूची में अडानी पोर्ट्स 2.40 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉर्प 1.51 प्रतिशत, अडानी एंटरप्राइजेज 1.43 प्रतिशत, टाइटन कंपनी 1.40 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ बाजार को सहारा देने की कोशिश कर रही थीं। दूसरी ओर, टॉप लूजर्स में ट्रेंट 2.25 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 1.18 प्रतिशत, सिप्ला 1.07 प्रतिशत, नेस्ले 1.06 प्रतिशत और हिंडाल्को 1.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 352.64 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,246.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 50.90 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,698.85 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।