नई दिल्ली, 26 अक्टूबर । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान भारी उतार-चढ़ाव के बाद निचले स्तर से शानदार रिकवरी होती हुई नजर आ रही है। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ लाल निशान में हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद मंदड़ियों ने बिकवाली का चौतरफा दबाव बना दिया, जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक गिरते चले गए।
हालांकि लेकिन थोड़ी देर बाद ही निचले स्तरों से शुरू हुई खरीदारी के कारण बाजार शानदार वापसी करने में। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.37 प्रतिशत और निफ्टी 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 133.79 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,990.04 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया। लगातार हो रही बिकवाली के चलते यह सूचकांक गिरकर 72,514.57 अंक के निचले स्तर तक चला गया।
आईसीआईसीआई बैंक और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) जैसे कुछ बड़े हैवीवेट शेयरों में आई गिरावट से बाजार पर शुरुआती दबाव बना। थोड़ी देर बाद ही निचले स्तर पर लिवालों ने मोर्चा संभाल लिया।
खासकर, कोटक महिंद्रा बैंक व जेएसडब्ल्यू स्टील जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में आई जोरदार खरीदारी से बाजार को सहारा मिला। खऱीदारी के इस सपोर्ट से सेंसेक्स ने अपनी पूरी कमजोरी से उबरते हुए गिरावट को पाट दिया और उछल कर 73,491.97 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया।
बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 273.48 अंक यानी 0.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ 73,397.31 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।
सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 75.60 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज करते हुए 22,524.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही पहले मंदड़ियों ने दबाव बनाया, जिससे निफ्टी की चाल में भारी गिरावट आ गई।
बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक फिसल कर 22,387.35 अंक के निचले स्तर तक चला गया। हालांकि, शुरुआती झटके के बाद प्रमुख फार्मा और मेटल शेयरों में शुरू हुई लिवाली के चलते इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से इस सूचकांक ने 22,706.15 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 72.85 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,672.85 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,976 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,012 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,964 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 19 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 11 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 10 शेयर हरे निशान में और 40 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
आज के कारोबार में स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टॉप गेनर्स की सूची में बीएसई लिमिटेड 3.82 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लैब्स 3.02 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 2.42 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा 2.07 प्रतिशत और कोल इंडिया 0.62 प्रतिशत की मजबूती के साथ बाजार को ऊपर खींचने की कोशिश कर रहे थे।
दूसरी ओर, टॉप लूजर्स में श्रीराम फाइनेंस 4.55 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 3.01 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 2.57 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 1.48 प्रतिशत और आयशर मोटर्स 0.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए थे।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 125.56 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,123.83 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 87.65 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,600 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।