प्रोजेक्ट ग्रीन पालना : माताओं को बच्चे के जन्म पर पांच पौधों की भेंट

Posted on: 2026-10-01


रायपुर, 01 अक्टूबर । रायपुर जिला प्रशासन की ‘प्रोजेक्ट ग्रीन पालना’ पहल मातृत्व की खुशी को हरियाली के संकल्प से जोड़ रही है। मुख्यमंत्री साय के मंशानुरूप चल रहे इस अभिनव प्रयास के तहत शासकीय अस्पतालों में प्रसव के बाद प्रसूता माताओं को फलदार पौधे भेंट किए जा रहे हैं, ताकि एक नई जिंदगी के आगमन के साथ धरती पर एक नए वृक्ष का भी जन्म हो।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में रायपुर जिले में इस अभियान के तहत 30 सितंबर को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्र जैसे शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हीरापुर - 01, एम.सी.एच. कालीबाड़ी - 01, अभनपुर - 01, चंगोराभाठा - 01, तिल्दा - 01, बिरगांव, मोवा - 01 सहित

कुल 08 प्रसूता माताओं को 40 फलदार पौधे भेंट किए गए। अब तक इस योजना के तहत कुल 13,744 प्रसूता माताओं को 68,720 पौधे भेंट किए जा चुके हैं। प्रत्येक माता को 5-5 पौधे दिए जा रहे हैं जिनमें आम, अमरूद, मुनगा (सहजन), पपीता और आंवला जैसे पोषणयुक्त फलदार प्रजातियां शामिल हैं।

प्रोजेक्ट ग्रीन पालना सिर्फ पौधा वितरण नहीं, बल्कि यह मातृत्व को सम्मान और प्रकृति को संरक्षण देने की दोहरी सोच है। यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली और संवेदनशील समाज दोनों का निर्माण कर रहा है।