Posted on:
वाराणसी,30 सितंबर। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने शिक्षा और संस्कृत-अध्ययन के साथ खेल प्रतिभा में भी विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। बाराबंकी में 26 से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के तीन छात्रों अक्षत सिंह, विशाल सिंह एवं अर्जुन सिंह ने टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता है।
फाइनल मुकाबले में विश्वविद्यालय की इस तिकड़ी ने बागपत की मजबूत टीम को कड़ी टक्कर दी। खिलाड़ियों ने लक्ष्य पर एकाग्रता, सटीक निशाने और आपसी सामंजस्य का उत्कृष्ट परिचय देते हुए मुकाबले को रोमांचक बनाया। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है। बुधवार को विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क अधिकारी शशीन्द्र मिश्र ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अक्षत सिंह एवं विशाल सिंह साहित्य विभाग के छात्र हैं, जबकि अर्जुन सिंह योग में डिप्लोमा कर रहे हैं। इस उपलब्धि में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ा है कि विशाल सिंह का चयन जूनियर नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में केवल शारीरिक क्षमता का विकास नहीं करता, बल्कि अनुशासन, एकाग्रता, धैर्य, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण जैसे जीवन-मूल्यों का भी निर्माण करता है।
उन्होंने कहा कि तीरंदाजी ऐसा खेल है, जिसमें लक्ष्य पर दृष्टि के साथ मन और मस्तिष्क की एकाग्रता भी आवश्यक होती है। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त करना उनकी प्रतिभा, परिश्रम और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय की पहचान ज्ञान, संस्कृत, भारतीय ज्ञान-परम्परा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से होनी चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि जिस प्रकार तीरंदाज लक्ष्य पर एकाग्र रहता है, उसी प्रकार विद्यार्थी भी अपने जीवन-लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निरंतर आगे बढ़ें। उन्होंने विशाल सिंह के जूनियर नेशनल के लिए उत्तर प्रदेश टीम में चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
विश्वविद्यालय के तीरंदाजी प्रशिक्षक आदित्य कुमार ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि तीनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में पूरे अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए उत्कृष्ट तालमेल का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में बागपत की टीम के विरुद्ध उन्होंने अपनी क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निरंतर अभ्यास एवं कठिन परिश्रम से ये खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
विश्वविद्यालय परिवार ने अक्षत सिंह, विशाल सिंह एवं अर्जुन सिंह को रजत पदक प्राप्त करने तथा विशाल सिंह को जूनियर नेशनल के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में चयनित होने पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।