रविवार को पीएम मोदी ने मन की बात के 138वें एपिसोड में देश को संबोधित करते हुए आंवला के गुणों के बारे में बात की और इसके फायदे बताए। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे पूर्वज पीढ़ियों से आंवला के फायदों के बाते में बताते आ रहे हैं। आंवला का अचार, मुरब्बा, जूस और च्यवनप्राश हमारे घरों से सदियों से होता आ रहा है। यही आंवला अब उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ की पहचान बन रहा है। किसान और महिलाओं के लिए आंवला की खेती नए आर्थिक अवसर पैदा कर रही है। आइये जानते हैं आंवला के फायदे और इसका इस्तेमाल कैसे करना चाहिए?
आंवला पोषक तत्वों का भंडार है, इसमें पावरफुल एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं तो शरीर को बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। आयुर्वेद में आंवला का इस्तेमाल कई तरह से किया जाता है। आंवला अपने हाई विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट गुणों के लिए सबसे ज्यादा जाना जाता है। 100 ग्राम आंवला में संतरे से 20 गुना ज्यादा विटामिन सी पाया जाता है।
आंवला के फायदे
विटामिन से भरपूर- आचार्य बाल कृष्ण के मुताबिक आंवला में विटामिन सी बहुत ज्यादा होता है, जिससे रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत बनती है। आंवला में एंटीऑक्सीडेंट, फाइबर और दूसरे जरूरी विटामिन और खनिज भी पाए जाते हैं।
इम्यूनिटी बढ़ाए- आंवले के गुणों की वजह से इस फल का सेवन शरीर को अंदर से मजबूत बनाता है। इम्यूनिटी मजबूत होने से आप जल्दी बीमार नहीं पड़ते और शरीर को सर्दी, खांसी और फ्लू जैसे संक्रमणों से लड़ने में मदद मिलती है।
पाचन में सुधार- आंवला खाने से शरीर में फाइबर की कमी को भी पूरा किया जा सकता है। आंवला पाचन एंजाइमों को उत्तेजित करता है, कब्ज को रोकता है। आवंला खाने से पेट फूलने की समस्या कम होती है और पेट को नेचुरली ठंडा रखता है, जिससे एसिडिटी कंट्रोल रहती है।
त्वचा को जवान बनाए- आंवला स्किन के लिए भी फायदेमंद है। इसमें पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट गुण एंटी एजिंग का काम करते हैं।
बालों के लिए फायदेमंद- आंवला का सेवन समय से पहले बालों को सफेद होने से रोकता है। इससे बालों के रोमों को मजबूत करने और डेंड्रफ को कम करने में मदद मिलती है।
डायबिटीज में फायदेमंद- आंवला का सेवन रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करता है। आंवला में क्रोमियम होता है, ये ऐसा मिनरल है जो कोशिकाओं को इंसुलिन के प्रति अधिक प्रतिक्रियाशील बनाने में मदद करता है। इससे डायबिटीज के मरीज में ब्लड शुगर का लेवल कंट्रोल रहता है।