बारिश से जनजीवन प्रभावित, गलियों और घरों में भरा पानी

Posted on: 2026-09-25


धमतरी, 25 सितंबर । बंगाल की खाड़ी में बने अर्नब चक्रवात के प्रभाव से जिले में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। शुक्रवार सुबह से जारी बारिश के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित रहा। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

लगातार बारिश से धमतरी शहर के निचली बस्तियों में पानी भर गया, वहीं कई घरों में भी पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के शिव चौक रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। ग्राम भेण्डरवानी में लगातार बारिश के कारण नारद धुवांशी के घर के अंदर तक पानी पहुंच गया। स्थानीय लोग नरोत्तम साहू, नारद धुवांशी और महेश धुवांशी ने बताया कि घर में पानी भरने से काफी परेशानी हो रही है। बारिश के कारण राशन सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए अलग से व्यवस्था करनी पड़ी।

रामपुर वार्ड स्थित डबरी भी लबालब भर गई है। डबरी में पानी का स्तर बढ़ने से आसपास रहने वाले लोगों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। यहां पानी निकासी के लिए पंप हाउस बनाया गया है, लेकिन लगातार बारिश के चलते पंप हाउस परिसर में भी पानी भर गया। इसके अलावा अटल आवास स्टेशनपारा, औद्योगिक वार्ड, लालबगीचा, सोरिद वार्ड, रामपुर वार्ड सहित शहर के अन्य इलाकों में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली। कई गलियों, मैदानों और सड़कों के गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ। लगातार बारिश के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ी।

शहर के निचले इलाकों में जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ गई है। दूसरी ओर, जिले में अच्छी बारिश होने से जलाशयों में पानी की आवक बढ़ी है। गंगरेल और मुरूमसिल्ली बांध से पानी छोड़ा जा रहा है। मुरूमसिल्ली बांध के सभी साइफन गेट दोबारा खोल दिए गए हैं, जबकि गंगरेल बांध के 14 गेट से पानी छोड़ा जा रहा है। जलाशयों से पानी छोड़े जाने के चलते नदी-नालों और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। लगातार बारिश के कारण आने वाले दिनों में जलभराव की स्थिति और बढ़ने की आशंका को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोग भी सावधानी बरत रहे हैं।